विश्व कप से पहले लचर बल्लेबाजी ने बढ़ा दी गंभीर की चिंता

माउंट मोनगानुई, न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां चौथे वनडे में भारतीय टीम के महज 89 रन पर सिमटने से मुख्य कोच गौतम गंभीर की चिंता बढ़ गई है क्योंकि यहां की परिस्थितियां अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप जैसी हैं।

           न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को 244 रन की करारी शिकस्त के बाद गंभीर ने माना कि कम स्कोर से ज्यादा चिंता की बात यह है कि भारतीय टीम बहुत जल्दी आउट हो गई। उन्होंने कहा कि विश्व कप से पहले इस कमजोरी को दूर करना जरूरी है।

           गंभीर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा  ‘‘जब आपकी टीम 90 रन के आसपास के स्कोर पर सिमट जाती है तो चिंता होना स्वाभाविक है। मैं चिंतित क्यों नहीं होऊंगा  यहां की परिस्थितियां विश्व कप में मिलने वाली परिस्थितियों के काफी करीब होंगी।’’

           उन्होंने कहा  ‘‘बड़ी चिंता रन बनाने की नहीं  बल्कि यह है कि हम महज 26-27 ओवर में ही ऑलआउट हो गए। यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है।’’

           न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए थे। इसके जवाब में मैट हेनरी की छह विकेट की शानदार गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम 26.4 ओवर में ही आउट हो गई।

           भारत को पिछले मुकाबले में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। बारिश से प्रभावित मैच में 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 111 रन तक सात विकेट गंवा दिए थे। इन लगातार झटकों के बाद गंभीर ने स्विंग होती गेंदों का सामना करने के लिए तकनीकी और मानसिक तैयारी दोनों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजी के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण होते हैं। इसके विपरीत भारत में आमतौर पर पारी का शुरुआती दौर बल्लेबाजी के लिए सबसे आसान माना जाता है।

           गंभीर ने कहा  ‘‘अगर आप शुरुआती 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 35 या 40 रन बना लेते हैं तो यह भी अच्छा प्रदर्शन है। यहां शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजी के लिहाज से शायद सबसे मुश्किल समय होते हैं।’’

           गंभीर ने यह भी कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों मैट हेनरी और काइल जैमीसन की गेंदों की लेंथ को लेकर अधिक स्पष्ट और निर्णायक रवैया अपनाना होगा। खासकर उन गेंदों पर बल्लेबाज असमंजस में पड़ जाते हैं  जिन पर उन्हें यह तय करने में परेशानी होती है कि आगे बढ़कर खेलना है या बैकफुट पर रहना है।

           गंभीर ने हेनरी की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा  ‘‘हेनरी ने रोहित को स्लिप में कैच कराया और फिर विराट तथा श्रेयस को अंदर की तरफ आने वाली गेंदों पर छकया। हमें यह सीखने की जरूरत है कि किस तरह लगातार विकेटों को निशाना बनाया जाए और बल्लेबाजों के पैड पर भी गेंदबाजी की जाए।’’गंभीर ने न्यूजीलैंड के शतकवीर विल यंग के कैच छोड़ने को भी हार की बड़ी वजह बताया। यंग ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए 125 रन की पारी खेली।

           उन्होंने कहा  ‘‘उन्हें दो जीवनदान मिले और उन्होंने उनका पूरा फायदा उठाया। अगर वे कैच पकड़ लिए जाते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था।’’भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के अनुभवहीन होने का बचाव करते हुए गंभीर ने कहा कि टीम को अनजान परिस्थितियों में खेलने से काफी कुछ सीखने को मिल रहा है। उन्होंने युवा गेंदबाजों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें अपने प्रदर्शन पर गर्व है।

           गंभीर ने कहा  ‘‘मुझे सभी खिलाड़ियों पर गर्व है। अच्छे दिन भी आते हैं और बुरे दिन भी। इस तरह के दिन भी आएंगे  क्योंकि इन्हीं से आप सीखते हैं। गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी होने पर कप्तान और सहयोगी स्टाफ के लिए भी चीजें चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं। ऐसे में आपको मैदान पर ही सीखना पड़ता है।’’

           उन्होंने कहा  ‘‘ऐसा नहीं है कि खिलाड़ी बिना किसी अनुभव के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हैं। लेकिन जब आपके गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी हो और आप बिल्कुल अलग परिस्थितियों में खेल रहे हों तो चुनौतियां बढ़ जाती हैं। इसके बावजूद इस वनडे शृंखला में टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है  उस पर सिर्फ मुझे ही नहीं  बल्कि हम सभी को गर्व होना चाहिए।’’गंभीर ने मोहम्मद सिराज की जगह कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को टीम में शामिल करने के फैसले पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि टीम को लगा था कि बड़े मैदान पर स्पिनर ज्यादा उपयोगी साबित होगा और मध्य ओवरों में विकेट लेने का बेहतर विकल्प मिलेगा। बड़ी हार के बावजूद गंभीर ने शृंखला के निर्णायक मुकाबले में टीम की वापसी का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के पास वापसी करने के लिए पर्याप्त अनुभव और क्षमता है।

           भारतीय कोच ने कहा  ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि खिलाड़ी अगले मैच में मजबूती से उतरेंगे। यह जरूरी है कि इस हार का उन्हें दर्द महसूस हो। मेरा हमेशा मानना रहा है कि इस तरह के प्रदर्शन के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को निराशा महसूस होनी चाहिए। अगर उन्हें इस हार का दर्द है तो वे निश्चित रूप से मजबूती से वापसी कर सकते हैं।’’ क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia

%d bloggers like this: