तिरूवनंतपुरम, लियोनेल मेस्सी समेत अर्जेंटीना फुटबॉल टीम नवंबर में केरल दौरे पर कोच्चि में आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेल सकती है । खेल विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी । सूत्रों ने कहा कि अभी दोस्ताना मैच की तारीख तय नहीं हुई है लेकिन यह कोच्चि में 12 से 18 नवंबर के बीच होगा जब अर्जेंटीना की टीम और मेस्सी केरल में होंगे ।
सूत्रों ने कहा कि विश्व कप 2022 विजेता अर्जेंटीना का सामना केरल से हो सकता है ।
एक अन्य सूत्र ने बताया कि अर्जेंटीना के सहयोगी स्टाफ का एक सदस्य बुधवार को आयोजन स्थल के मुआयने के लिये कोच्चि आ सकता है । अर्जेंटीना टीम के केरल दौरे को लेकर कुछ विवाद हो गया था जब अगस्त में कुछ रिपोर्ट में कहा गया कि यह दक्षिण अमेरिकी टीम नहीं आ रही है । बाद में अगस्त में ही प्रदेश के खेलमंत्री वी अब्दुरहमान ने कहा कि टीम नवंबर में केरल आयेगी ।
अर्जेंटीना फुटबॉल संघ ने पिछले महीने अपने आधिकारिक एक्स हैंडिल पर लिखा ‘‘लियोनेल स्कालोनी की अर्जेंटीना फुटबॉल टीम 2025 में फीफा दोस्ताना मैच खेलेगी । पहला छह से 14 अक्टूबर के बीच अमेरिका में खेला जायेगा । अन्य 10 से 18 नवंबर के बीच अंगोला के लुआंडा और भारत के केरल (प्रतिद्वंद्वी अभी तय नहीं ) में होंगे ।’
केरल दौरे के बाद मेस्सी दिसंबर में भारत के विभिन्न शहरों का दौरा करेंगे । वह कोलकाता मुंबई और अहमदाबाद के बाद दिल्ली जायेंगे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे ।
अर्जेंटीना टीम इससे पहले 2011 में कोलकाता में वेनेजुएला के खिलाफ दोस्ताना मैच खेलने आई थी ।
मेस्सी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना टीम को केरल लाने के अभियान ने सितंबर 2024 में तेजी पकड़ी जब अब्दुरहमान ने स्पेन जाकर अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अधिकारियों से मुलाकात की थी ।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common