नयी दिल्ली, मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने असम के सिलचर में 2 014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नया हवाई अड्डा बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
सिलचर के डोलू में बनने वाला नया हवाई अड्डा मौजूदा हवाई अड्डे पर जगह की कमी और परिचालन संबंधी बाधाओं को दूर करने के साथ दक्षिण असम में बढ़ती हवाई यातायात की मांग को पूरा करेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी गई। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मौजूदा सिलचर हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के स्वामित्व में है। यहां 70 एकड़ में फैले हिस्से से नागरिक विमान सेवाओं का संचालन होता है। रक्षा प्रतिष्ठान के भीतर स्थित इस नागरिक हवाई अड्डे पर जगह और परिचालन संबंधी गंभीर सीमाएं हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि नए हवाई अड्डे पर व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। परियोजना का पूरा खर्च एएआई अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगा।
बयान के अनुसार नए हवाई अड्डे का टर्मिनल भवन 12 351 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनेगा। इसमें आधुनिक यात्री सुविधाएं होंगी और भविष्य में जरूरत के हिसाब से इसका विस्तार किया जा सकेगा।
परियोजना के तहत 2 705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा जो ए-320 विमानों के संचालन के अनुकूल होगा। इसके अलावा छह ए-320 विमानों को एक साथ खड़ा करने वाला एक पार्किंग क्षेत्र और विमानों को अलग खड़ा करने के लिए एक विशेष स्थान भी बनाया जाएगा।
असम के कछार जिले में स्थित डोलू बराक घाटी का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह इलाका चाय बागानों और कृषि आधारित उद्योगों के लिए जाना जाता है। यहां पर्यावरण एवं सांस्कृतिक पर्यटन की भी संभावनाएं हैं।
वैष्णव ने कहा कि नया हवाई अड्डा बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देगा।
बयान के मुताबिक इससे दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों के आसपास के क्षेत्रों में हवाई यातायात की बढ़ती मांग पूरी करने में मदद मिलेगी। साथ ही व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देकर क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common