नयी दिल्ली, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 11 000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से आठ वर्षों के लिए लागू होगी। इसका उद्देश्य अत्याधुनिक निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरणों के घरेलू विनिर्माण की क्षमता विकसित करना और वैश्विक बाजार में भारत की प्रमुख भूमिका सुनिश्चित करना है।
मंत्री ने कहा कि भारत का निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार आकार 97 000 करोड़ रुपये था लेकिन इस क्षेत्र की करीब 45 प्रतिशत जरूरतें आयात से पूरी होती हैं।
इस योजना के तहत विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए दो वर्ष (वित्त वर्ष 2026-27 से 2027-28 तक) का समय दिया जाएगा। इसके बाद पांच वर्षों (वित्त वर्ष 2028-29 से 2032-33 तक) के दौरान प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। अंतिम वर्ष यानी वित्त वर्ष 2033-34 में 2032-33 के दौरान हुई अतिरिक्त बिक्री पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार बुनियादी ढांचा क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास और आवास निर्माण के कारण इस उद्योग के वित्त वर्ष 2029-30 तक दोगुने से अधिक बढ़कर करीब 2 28 100 करोड़ रुपये का होने का अनुमान है।
योजना के दायरे में उपकरणों की सात श्रेणियां शामिल हैं जिनका पूरी तरह या बड़े पैमाने पर आयात किया जाता है। इनमें सुरंग खोदने वाली मशीनें ट्रक खुदाई करने वाली मशीनें (एक्सकेवेटर) क्रेन लोडर पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं।
पिछले महीने चीन ने सुरंग खोदने वाली मशीनों सहित कई प्रमुख मशीनों के निर्यात पर नए नियंत्रणों की घोषणा की थी। इससे भारत की बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
बयान के अनुसार भारी उद्योग मंत्रालय इस योजना को लागू करेगा। इसका उद्देश्य निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरणों और उनके कलपुर्जों के घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन देना तथा देश में विशेष परीक्षण केंद्र स्थापित करना है। इससे इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और वैश्विक बाजार में भारत की स्थिति मजबूत होगी।
योजना के दो घटक हैं। इनमें बिक्री से जुड़ा प्रोत्साहन और निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण परीक्षण केंद्र की स्थापना के लिए अनुदान शामिल है।
बिक्री आधारित प्रोत्साहन के तहत निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरणों और उनके कलपुर्जों की अतिरिक्त बिक्री करने वाली पात्र कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसमें दो श्रेणियां शामिल होंगी- मूल उपकरण विनिर्माता (ओईएम) और कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियां।
पांच वर्षों की अवधि में अतिरिक्त बिक्री मूल्य के आधार पर प्रोत्साहन की दर आठ से 13 प्रतिशत तक होगी।
वहीं विशेष निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण परीक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के रूप में 375 करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common