कोलकाता, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने बताया कि भर्ती के दौरान छात्रों को बढ़ते तनाव से निपटने में मदद के लिए संस्थान ने अपने परिसर में समर्पित रिचार्ज जोन (आराम और तनाव-मुक्त होने के लिए विशेष स्थान) शुरू किए हैं।
उन्होंने कहा कि आराम करने के लिए 24 घंटे खुले रहने वाले इन स्थानों का उद्देश्य छात्रों को नौकरी के लिए साक्षात्कार और चयन दौर के तीव्र दबाव से राहत प्रदान करना है।
एक संकाय सदस्य ने बताया कि संस्थान अपने बेहद कड़े और कई दिनों तक कई घंटे चलने वाले भर्ती सत्रों के लिए जाना जाता है और इसी वजह से छात्रों में चिंता के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है।
निदेशक ने बताया कि काउंसलरों और संकाय सदस्यों ने यह देखा कि कई छात्र लगातार होने वाली साक्षात्कार प्रक्रियाओं और बढ़ी हुई अपेक्षाओं से निपटने में संघर्ष कर रहे थे। इसी के बाद इन ‘रीचार्ज ज़ोन’ की अवधारणा तैयार की गई।
उन्होंने कहा कि रिचार्ज ज़ोन में कई प्रकार की दिलो दिमाग को सुकून प्रदान करने वाली गतिविधियां और सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह पहल आईआईटी खड़गपुर के परिसर में मानसिक स्वास्थ्य सहायता को मजबूत करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि कुछ देर का विराम लेना एक रचनात्मक और आवश्यक गतिविधि के रूप में देखा जाना चाहिए न कि परिस्थितियों से निपटने में असमर्थता के संकेत के रूप में।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common