आईपीएल 2026 समीक्षा : आरसीबी ने जीत की परंपरा कायम रखी, मुंबई इंडियंस और एलएसजी का भविष्य अनिश्चित

नयी दिल्ली, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने एक और बेहद सफल सत्र में शानदार प्रदर्शन किया  गुजरात टाइटन्स ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी निरंतरता बनाए रखी लेकिन आईपीएल की बड़ी टीम मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 2026 सत्र के खत्म होने से पहले ही अगले सत्र के लिए बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी।

            टी20 क्रिकेट में कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है और लीग की प्रकृति में यह बात साफ दिखी क्योंकि प्लेऑफ में जगह बनाने वाली टीम का फैसला लीग चरण के आखिरी दिन हुआ।

            आरसीबी  गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद लीग चरण के आखिरी दिन से पहले ही क्वालीफाई कर चुकी थीं  लेकिन राजस्थान रॉयल्स 24 मई को मुंबई इंडियंस को हराकर चौथी टीम के तौर पर प्लेऑफ में शामिल हो गई जिसने आखिरी दिन पंजाब किंग्स को बाहर कर दिया।

            पीटीआई-भाषा लीग की 10 टीम के प्रदर्शन पर अंक तालिका में स्थान के आधार पर नजर डाल रहा है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 18 साल से आईपीएल खिताब का इंतजार कर रही इस फ्रेंचाइजी ने पिछले सत्र में अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद अब जीत को अपनी आदत बना लिया है। एंडी फ्लावर और मो बोबाट के नेतृत्व वाले ‘थिंक टैंक’ ने एक ऐसी चैंपियन टीम तैयार की है जो मैदान पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है।

गुजरात टाइटन्स : अगर आरसीबी ने जीत को अपनी आदत बना लिया है तो टाइटन्स ने अपने छोटे से आईपीएल इतिहास में सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने पांच सत्र में तीन बार फाइनल में जगह बनाई है जिसमें अपने पहले ही सत्र में ख़िताब जीतना भी शामिल है।                   

सनराइजर्स हैदराबाद :

            पैट कमिंस की कप्तानी वाली इस टीम ने धीमी शुरुआत के बाद इस सत्र में ज्यादा कुछ गलत नहीं किया। हालाकि ‘एलिमिनेटर’ में वैभव सूर्यवंशी और जोफ्रा आर्चर के शानदार प्रदर्शन के आगे उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उनके लिए सकारात्मक चीज प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन जैसे तेज गेंदबाजों का उभरकर सामने आना रही। 

राजस्थान रॉयल्स : कप्तान रियान पराग ने खुद यह बात स्वीकार की है कि रॉयल्स को लीग चरण के आखिरी दिन का इंतजार करने के बजाय  उससे काफी पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेना चाहिए था। उनका अभियान काफी हद तक 15 साल के किशोर खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर निर्भर था जो अपने पहले पूरे सत्र में 237.30 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।

पंजाब किंग्स: आईपीएल के पहले हाफ में सबसे मजबूत टीम मानी जा रही पंजाब किंग्स ने दूसरे हाफ में लगातार छह मैच हारकर अपने प्लेऑफ में पहुंचने के मौकों को गंवा दिया। उनकी शानदार बल्लेबाजी ने उनकी कमजोर गेंदबाजी की भरपाई कर दी थी  लेकिन बाद में क्षेत्ररक्षण समेत तीनों ही विभागों में उनका प्रदर्शन गिर गया।

दिल्ली कैपिटल्स : लगातार दूसरे सत्र में दिल्ली कैपिटल्स अक्षर पटेल की कप्तानी में प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। यह एक और ऐसा सत्र रहा जिसमें केएल राहुल ने 500 से ज्यादा रन बनाए लेकिन आखिरी नतीजों के लिहाज से उन रनों की अहमियत नहीं रही।

कोलकाता नाइट राइडर्स : शुरुआती छह मैच हारने के बाद भी 10 टीम में से सातवें स्थान पर रहकर केकेआर ने अच्छा प्रदर्शन किया। पूरी संभावना है कि अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल में अपना आखिरी सत्र खेल लिया है। टीम को सभी विभागों में संघर्ष करना पड़ा और अब उसे पूरी तरह से नए सिरे से तैयार करने की जरूरत है। नीलामी में रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बावजूद कैमरन ग्रीन के लिए भी यह कोई यादगार सत्र नहीं रहा।

चेन्नई सुपर किंग्स: पांच बार की चैंपियन टीम 2023 में खिताब जीतने के बाद से अब तक प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है। रूतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली फ्रेंचाइजी को अब अपनी रणनीति में बदलाव करने की जरूरत है। सबसे पहले एमएस धोनी को लेकर स्थिति साफ होनी चाहिए ताकि टीम भारत के इस पूर्व कप्तान के सुनहरे दिनों से आगे बढ़ सके। चोट की वजह से उन्होंने इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेला  लेकिन धोनी के अलावा कोई नहीं जानता कि अगले सत्र में क्या होने वाला है।

 मुंबई इंडियंस :  भारत के कई बड़े सितारों से सजी टीम इस सत्र में सबसे ज्यादा निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली टीम रही। जसप्रीत बुमराह  हार्दिक  सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा की चौकड़ी इस सत्र को भुलाना चाहेगी। रोहित शर्मा ने शीर्ष क्रम में ठीक प्रदर्शन किया  लेकिन चोट की वजह से उनका सत्र प्रभावित रहा।

लखनऊ सुपर जायंट्स :  दो निराशाजनक सत्र के बाद कप्तान ऋषभ पंत के पद छोड़ने के साथ ही अगले सत्र के लिए टीम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले हिस्से में टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही जबकि मोहम्मद शमी  मोहसिन खान और प्रिंस यादव की अगुवाई में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: