कोलकाता, देश भर में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने के तहत आम आदमी पार्टी (आप) अपने राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत जल्द ही केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार की ‘तानाशाही कार्यप्रणाली’ के खिलाफ पश्चिम बंगाल में एक आंदोलन शुरू करेगी।
बीते कुछ दिनों में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच टकराव काफी बढ़ गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर उनकी सरकार को गिराने के प्रयास करने का आरोप लगाया है।
दिल्ली और पंजाब में सत्ता हासिल कर चुकी आम आदमी पार्टी देश के विभिन्न राज्यों में अपना संगठन मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
आप नेता तुलिका अधिकारी ने कहा, “बहुत जल्द ही हम केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की अधिनायकवादी कार्यप्रणाली के खिलाफ पश्चिम बंगाल में एक राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। हम सरकार के अलोकतांत्रिक कामकाज और वंशवाद की राजनीति दोनों के खिलाफ हैं। राज्यव्यापी आंदोलन भाजपा के खिलाफ हमारे अखिल भारतीय कार्यक्रम का हिस्सा है।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : https://en.wikipedia.org/wiki/Aam_Aadmi_Party#/media/File:Aam_Aadmi_Party_logo_(English).svg