नयी दिल्ली, आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (एआईटीआईजीए) की समीक्षा के लिए अगले दौर की बैठक अगले साल जनवरी में भारत में होगी। इसका उद्देश्य वार्ता में हुई प्रगति की समीक्षा करना और बातचीत समय पर पूरी करने के लिए आगे की दिशा तय करना है।
वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) ने छह से नौ अक्टूबर तक इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित आसियान सचिवालय में एआईटीआईजीए की 15वीं संयुक्त समिति की बैठक और इससे संबंधित बैठकों की मेजबानी की। इन बैठकों में समझौते की समीक्षा और वार्ता में हुई प्रगति पर विचार किया गया।
मंत्रालय ने कहा ‘‘एआईटीआईजीए की संयुक्त समिति की अगली बैठक जनवरी 2027 में भारत में ‘हाइब्रिड’ यानी ‘ऑफलाइन और ‘ऑनलाइन’ दोनों तरीके से होगी। इसमें उप-समितियों द्वारा की गई प्रगति की समीक्षा की जाएगी और वार्ता समय पर पूरी करने के लिए आगे के दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।’’ भारत-आसियान के बीच वस्तुओं से संबंधित मुक्त व्यापार समझौते पर 2009 में हस्ताक्षर किए गए थे। आसियान भारत का एक प्रमुख व्यापारिक भागीदार है और भारत के कुल वैश्विक व्यापार में उसकी हिस्सेदारी करीब 11 प्रतिशत है।
मंत्रालय ने बताया कि जकार्ता में हुई बैठक में संयुक्त समिति ने सभी उप-समितियों को समझौते की समीक्षा के तहत लंबित अध्यायों पर काम में तेजी लाने समय-सीमा के साथ स्पष्ट लक्ष्य तय करने और ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने एक अलग समझौते के तहत ‘सेंटर फॉर ट्रेड एंड इनवेस्टमेंट लॉ’ को संबोधित करते हुए कहा कि स्थापित नियमों पर सवाल उठाए जा रहे हैं जबकि स्थिरता से जुड़े व्यापार उपायों और डिजिटल व्यापार जैसे उभरते मुद्दे वैश्विक व्यापार के एजेंडे को नया रूप दे रहे हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common