इजराइल के अतिराष्ट्रवादी मंत्री ने यरुशलम में पवित्र स्थल का दौरा किया

यरुशलम, पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की नई दक्षिणपंथी सरकार में पदभार ग्रहण करने के बाद एक अतिराष्ट्रवादी इजराइली कैबिनेट मंत्री ने पहली बार मंगलवार को विवाद का केंद्र रहे यरुशलम के एक पवित्र स्थल का दौरा किया।

इतामार बेन-ग्विर ने उस स्थल में प्रवेश किया जिसे यहूदियों द्वारा ‘टेंपल माउंट’ और मुसलमानों द्वारा ‘नोबल सेंचुरी’ के रूप में जाना जाता है। उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी थे।

बेन-ग्विर लंबे समय से पवित्र स्थल तक यहूदियों की अधिक पहुंच का आह्वान करते रहे हैं। हालांकि फलस्तीनियों द्वारा इसे उकसावे और इजराइल के इस परिसर को पूरी तरह अपने कब्जे में लेने की संभावित तैयारी के तौर पर देखा जाता है।

अधिकांश रब्बी, यहूदियों को उस स्थल पर प्रार्थना करने से मना करते हैं, लेकिन हाल के वर्षों में वहां प्रार्थना का समर्थन करने वाले यहूदियों के आंदोलन में तेजी आई है।

इस सप्ताह की शुरुआत में बेन-ग्विर के यहां जाने का इरादा व्यक्त किए जाने के बाद से उसे लेकर इस्लामी आतंकवादी समूह हमास से खतरा पैदा हो गया था।

यरुशलम के ‘ओल्ड सिटी’ में पहाड़ी की चोटी पर स्थित इस स्थल को यहूदी धर्म में सबसे पवित्र और इस्लाम में तीसरा सबसे पवित्र स्थल माना जाता है। यह दशकों से चल रहे इजरायल-फिलिस्तीनी संघर्ष का भावनात्मक केंद्र है।

बेन-ग्विर पूर्व में भी फलस्तीनियों के खिलाफ अपनी भड़काऊ टिप्पणियों के लिए चर्चाओं में रहे हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: