इसरो कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत: वी नारायणन

कोलकाता, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी नारायणन ने कहा है कि इसरो के कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत है और वे शानदार काम कर रही हैं।

नारायणन ने कहा कि भविष्य में इसरो में महिला कर्मचारियों की संख्या 40 प्रतिशत से अधिक हो जानी चाहिए। इसरो अध्यक्ष ने यहां एक निजी स्कूल की ओर से आयोजित समारोह से इतर संवाददाताओं से कहा ‘‘भारत जैसा देश जहां महिलाओं की आबादी लगभग 50 प्रतिशत है तब तक प्रगति नहीं कर सकता जब तक महिलाएं महत्वपूर्ण योगदान नहीं देतीं।’’

इसरो में महिला कर्मचारियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर नारायणन ने कहा ‘‘वहां बहुत सारी महिला कर्मचारी हैं। महिलाएं शानदार काम कर रही हैं और उन्हें उनके योगदान के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। धीरे-धीरे यह संख्या बढ़नी चाहिए। अभी (इसरो में) संभवत: करीब 20 प्रतिशत महिला वैज्ञानिक हैं लेकिन इस आंकड़े को 40 प्रतिशत से अधिक तक बढ़ाया जाना चाहिए।’’

समाज सुधारक राजा राममोहन रॉय का जिक्र करते हुए नारायणन ने कहा कि रॉय और अन्य हस्तियों तथा विभिन्न विषयों के ज्ञाताओं ने 19वीं शताब्दी में महिलाओं के कल्याण और उनके उत्थान के लिए आवाज उठाई तथा मार्गदर्शक बने।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: