उत्तराखंड : गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद

उत्तरकाशी, उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के चारधामों के रूप में विश्वप्रसिद्ध मंदिरों में से एक गंगोत्री के कपाट मंगलवार को अन्नकूट के पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए। सर्दियों में छह माह मंदिर के बंद रहने के दौरान श्रद्धालु मां गंगा की पूजा अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव में कर सकेंगे । गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद मंदिर के कपाट दोपहर 12:05 पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए ।

इस मौके पर देश—विदेश के श्रद्धालुओं के साथ गंगोत्री के विधायक सुरेश चौहान भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण धर्माधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे । इस दौरान तीर्थ पुरोहित लगातार गंगा लहरी का पाठ करते रहे । कपाट बंद होने के बाद डोली में सवार होकर गंगा की भोगमूर्ति जैसे ही मंदिर परिसर से बाहर निकली तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

सेना के कुमांऊ रेजीमेंट के बैंड की धुन और परंपरागत वाद्य यंत्र ढोल दमाऊ की थाप के साथ तीर्थ पुरोहित सवा 12 बजे गंगा की डोली को लेकर उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव के लिए पैदल रवाना हुए। रात्रि विश्राम के लिए गंगा की डोली मुखबा से चार किलोमीटर पहले मार्कण्डेय स्थित देवी मंदिर पहुंचेगी जहां से बुधवार को उसे मुखबा के गंगा मंदिर ले जाया जाएगा ।

बुधवार को भैया दूज के अवसर पर केदारनाथ तथा यमुनोत्री के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे जबकि बदरीनाथ के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे । सर्दियों में बर्फवारी और भीषण ठंड की चपेट में रहने के कारण चारधामों के कपाट हर साल अक्टूबर—नवंबर में श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं जो अगले साल अप्रैल—मई में फिर खोल दिए जाते हैं ।

गढ़वाल क्षेत्र की आर्थिकी की रीढ़ माने जाने वाली चारधाम यात्रा के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं । सरकारी आंकडों के अनुसार इस वर्ष नौ नवंबर तक 60.50 लाख से अधिक तीर्थयात्री चारधाम दर्शन के लिए आ चुके हैं जिसमें से गंगोत्री आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10.06 लाख से ज्यादा रही । क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: