स्वच्छ सर्वेक्षण: छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर, स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने के लिए छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार यानी 11 नवंबर को नयी दिल्ली में आयोजित समारोह में इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के रायपुर बिलासपुर और बिल्हा शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर इस संबंध में औपचारिक जानकारी दी है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों सफाई मित्रों के समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रायपुर बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों जनप्रतिनिधियों नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी।

उन्होंने कहा ‘‘देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के हाथों छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। यह सम्मान उन हजारों सफाई मित्रों के परिश्रम का भी सम्मान है जो प्रतिदिन हमारे शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए अथक मेहनत करते हैं। साथ ही यह उन जागरूक नागरिकों की सहभागिता का सम्मान भी है जिन्होंने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया है।’’

साय ने कहा ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति नयी चेतना जागृत की है। आज स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी से संचालित एक व्यापक जनआंदोलन बन चुकी है। छत्तीसगढ़ भी इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरों में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था हो नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिले तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हो।’’

मंत्रालय की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि स्वच्छ भारत के लक्ष्यों को हासिल करने में नागरिकों की सहभागिता और नगरीय निकायों के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन दर्शाता है कि स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर प्रयासों और सामूहिक भागीदारी से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। पत्र में कहा गया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में इन तीनों शहरों को मिलने वाली राष्ट्रीय पहचान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।

अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की विषयवस्तु ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ करें सफाई साथ’ रखी गई है। यह स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी जनजागरुकता और नागरिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करती है। उन्होंने बताया कि नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह की एक विशेषता यह भी होगी कि स्वच्छता व्यवस्था को जमीन पर सफल बनाने वाले सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जाएगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: