गंगटोक, उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन के कारण चुंगथांग में फंसे सैकड़ों पर्यटकों ने यहां प्रशासन की मदद से मंगन की ओर प्रस्थान करना शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में स्थित चुंगथांग राज्य की राजधानी गंगटोक से करीब 100 किलोमीटर दूर है। चुंगथांग में पर्यटकों के करीब 200 वाहन फंस गए और लोगों ने वहां एक गुरुद्वारे में शरण ली।
अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए सैकड़ों पर्यटकों को लेकर वाहन सांगकालांग में पुनर्निर्मित पुल के जरिये चुंगथांग से मंगन के लिए रवाना हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार इस पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि पर्यटक मंगन शहर पहुंचने के बाद गंगटोक की ओर बढ़ेंगे। मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने फंसे हुए पर्यटकों की मदद की।
यद्यपि यहां बृहस्पतिवार शाम हुई भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण लाचेन और लाचुंग की सड़कें बंद हैं लेकिन मार्गों को खोले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच जिला प्रशासन ने लाचुंग और लाचेन में फंसे पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।
पर्यटकों को लाचुंग और लाचेन तक पहुंचने के लिए चुंगथांग से होकर यात्रा करनी पड़ती है ये दोनों ही पहाड़ी क्षेत्र हैं जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही गुरुडोंगमार झील तथा युमथांग घाटी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के समीप होने के कारण प्रसिद्ध हैं। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि उत्तरी सिक्किम में कई स्थानों पर हुए भूस्खलन के कारण फंसे सभी पर्यटक सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग उत्तरी सिक्किम में फंसे पर्यटकों के बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि सभी फंसे हुए पर्यटकों को आज रात तक गंगटोक लाया जाएगा।
मंगन जिला प्रशासन ने उत्तरी सिक्किम के लिए आने वाले सभी पर्यटकों को दिए गए ‘परमिट’ निरस्त करने की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के लिए पहले से जारी किए गए परमिट को अवैध घोषित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार सभी ‘टूर ऑपरेटर’ को निर्देश दिए गए हैं कि वे अग्रिम आदेश तक किसी भी पर्यटक को उत्तर की ओर न लेकर आएं।
इस हिमालयी राज्य के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण करीब एक हजार पर्यटक फंस गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर मुंशीथांग में और लाचुंग-चुंगथांग मार्ग पर लेमा/बॉब में भारी भूस्खलन हुआ है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common