लखनऊ, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अगले साल राज्य के विभिन्न विभागों में डेढ़ लाख लोगों को सरकारी नौकरी देगी। जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान के मुताबिक सबसे ज्यादा नौकरियां पुलिस और शिक्षा विभाग में दी जाएंगी। राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक वर्ष 2026 में प्रदेश में डेढ़ लाख पदों पर सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों से विभागवार खाली पदों का विवरण मांगा था ताकि खाली पदों पर नियुक्ति की जा सके।
बयान के अनुसार ये नौकरियां पुलिस शिक्षा राजस्व और आवास विकास समेत प्रदेश विभिन्न विभागों में दी जाएगी।बयान में दावा किया गया कि कि इसी के साथ 2026 में योगी सरकार के नाम सबसे अधिक सरकारी नौकरी देने का रिकार्ड भी दर्ज हो जाएगा।
यह प्रदेश में पहली सरकार होगी जिसने 10 वर्षों में 10 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं।बयान के अनुसार सरकार ने पिछले साढ़े आठ वर्ष में प्रदेश के युवाओं को विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दी हैं।सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार वर्ष 2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में करीब 50-50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करेगी।
सूत्रों ने बताया कि इसके साथ ही राजस्व में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी जबकि कारागार आवास विकास बाल विकास पुष्टाहार स्वास्थ्य विभाग में खाली पदों पर भी भर्ती की जाएंगी।
बयान के अनुसार अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया का विज्ञापन जारी करने का कार्य अंतिम चरण में है जबकि कुछ विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है।वर्ष 2026 में पुलिस विभाग द्वारा 30 हजार कॉन्सटेबल पांच हजार उपनिरीक्षक के पदों पर भर्ती की जाएगी।इसके अलावा विभाग में 15 हजार विभिन्न पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों से पता चला कि विभाग में भी करीब 50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी जिसमें सहायक अध्यापक से लेकर प्रवक्ता और प्रधानाचार्य के पदों पर अभ्यर्थियों की नियुक्ति होगी।
बयान के मुताबिक इसी तरह राजस्व विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी जिसमें सबसे ज्यादा लेखपालों के पदों पर भर्ती की जाएगी।इसके साथ ही स्वास्थ्य आवास विकास कारागार बाल विकास पुष्टाहार समेत विभिन्न विभागों में 30 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common