लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सपा को ‘विकास विरोधी’ बताए जाने पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा एकता समावेशिता और समान विकास में विश्वास करती है। यादव ने कहा “समाजवादी पार्टी ने हमेशा लोगों को जोड़ने का काम किया है। हमारा नाम ही संविधान से प्रेरित है। हम भेदभाव खत्म करने और सामाजिक सद्भाव बढ़ाने में विश्वास रखते हैं।”
उन्होंने कहा कि पार्टी ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ और ‘हिंदुस्तानियत’ की पक्षधर है तथा ऐसी राजनीति का समर्थन करती है जो जाति और धर्म से ऊपर उठकर लोगों को साथ लाती है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए दावा किया कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे विकास की शुरुआत समाजवादी पार्टी की सरकार ने की थी।
उन्होंने कहा “अगर किसी ने एक्सप्रेसवे बनाना सिखाया है तो वह समाजवादियों ने सिखाया है। हमने दिखाया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की योजना और क्रियान्वयन कैसे किया जाता है जबकि वर्तमान परियोजनाएं अधूरी हैं।” अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर यादव ने कहा कि कई अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था हासिल करने के लिए श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा “मजदूरों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।”
उन्होंने मजदूरी को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि श्रमिकों को कम से कम दिल्ली और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों के बराबर वेतन मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल किया “महंगाई बढ़ने के बीच मजदूर किराया भोजन स्वास्थ्य सेवा और परिवार का खर्च कैसे उठाएंगे ” यादव ने सरकार पर उद्योगपतियों के साथ मिलीभगत कर मजदूरों के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान मजदूर महिलाएं और युवा अब इन मुद्दों के प्रति जागरूक हो चुके हैं।
इससे पहले गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला था। मोदी ने सपा पर “महिला विरोधी” मानसिकता रखने और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) जैसे दलों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया जो उत्तर प्रदेश के लोगों का “अपमान” करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सपा को उत्तर प्रदेश की प्रगति पसंद नहीं है और वह राज्य को “पुराने दौर में धकेलना” चाहती है।
मोदी ने कहा “समाजवादी पार्टी न केवल विकास विरोधी है बल्कि महिला विरोधी भी है। हाल की घटनाओं ने उनकी मानसिकता को उजागर कर दिया है।”क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common