कीव, संयुक्त राष्ट्र ने हाल ही में दक्षिणी यूक्रेन में कखोव्का बांध ढहने से प्रभावित रूसी कब्जे वाले क्षेत्रों में अपने राहत कर्मियों को कथित रूप से प्रवेश नहीं देने के लिए मास्को को फटकार लगाई है। बांध के नष्ट होने के कारण कई इलाकों में लोग फंसे हुए हैं वहीं बिजली की आपूर्ति बाधित है और यह एक पर्यावरणीय आपदा का कारण बन गया है। यूक्रेन के लिए संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता समन्वयक डेनिस ब्राउन ने रविवार देर रात एक बयान में कहा कि संगठन ने इस सिलसिले में मास्को और कीव के साथ बातचीत की है।
प्रभावित क्षेत्र दक्षिणी खेरसॉन के कुछ हिस्सों पर रूस का जबकि शेष हिस्सों पर यूक्रेन का कब्जा है। डेनिस ब्राउन ने कहा, ‘‘ रूसी सरकार ने अभी तक अपने अस्थायी सैन्य नियंत्रण वाले क्षेत्रों तक पहुंच देने के हमारे अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है। हम रूसी अधिकारियों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत अपने दायित्वों के अनुसार कार्य करने का आग्रह करते हैं। ’’
यूक्रेन के अधिकारियों का आरोप है कि रूस ने जानबूझकर बांध को तबाह किया है क्योंकि यह रूसी सैन्य नियंत्रण वाले इलाके में स्थित था वहीं रूस ने बांध टूटने के लिए यूक्रेन की गोलाबारी को जिम्मेदार ठहराया है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common