कर्नाटकः भारी बारिश से नेत्रावती नदी उफान पर, बंतवाल के निचले इलाकों में पानी भरा

मंगलुरु (कर्नाटक), पश्चिमी घाटों में लगातार भारी बारिश के बाद नेत्रावती नदी में बढ़ते जल स्तर से दक्षिण कन्नड़ जिले के बंतवाल तालुक में कई निचले इलाकों में पानी भर गया जिससे अधिकारियों को ऐतिहातन बाढ़ संभावित स्थानों से लोगों को बाहर निकालने को बाध्य होना पड़ा है।

अधिकारियों ने कहा कि बंतवाल में नदी का जल स्तर रविवार शाम को 7.4 मीटर था और यह लगातार बढ़ते हुए सोमवार की सुबह 8.5 मीटर पर पहुंच गया। अधिकारियों ने कहा कि इससे बाढ़ का पानी पानेमंगलुरु और अलाडकापडपु समेत कई निचले इलाकों में मौजूद 15 से अधिक मकानों में घुस गया जिससे अधिकारियों द्वारा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक जलस्तर बढ़ने से बंतवाल में अलाडका कांचीकारपेटे और कोटेकनी इलाके में कई सड़कें जलमग्न हो गईं जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ का पानी भयंकरेश्वर मंदिर के आसपास और पानेमंगलुरु के श्मशान मैदान में भी भर गया है।

इस बीच लगातार बारिश के चलते उप्पीनांगडी में नेत्रावती और कुमारधारा नदियों का भी जलस्तर बढ़ा है। उप्पीनांगडी में नेत्रावती नदी का जलस्तर रविवार शाम 30.1 मीटर का निशान छू गया जिसके बाद इसमें मामूली गिरावट आई। यद्यपि डूब क्षेत्र में पानी भरा है उप्पीनांगडी कस्बे में बाढ़ की कोई सूचना नहीं है। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि कुमारधारा नदी का जल स्तर बढ़ने से वीरमंगला में निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों को प्रभावित इलाकों में जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।

कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी निगम के अधिकारी लगातार नदी के जल स्तरों पर नजर रख रहे हैं। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: