कर्नाटक : युवा किसानों से शादी करने वाली महिलाओं को विशेष दर्जा और भत्ते की मांग

बेंगलुरु, कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायक एच डी रंगनाथ ने युवा किसानों को जीवनसाथी खोजने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के प्रयास के तहत राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से एक विशेष प्रोत्साहन कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया है।

कुनिगल के विधायक रंगनाथ ने 18 फरवरी को लिखे एक पत्र में आगामी विधानसभा सत्र में इस मुद्दे पर विचार करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा मेरा निर्वाचन क्षेत्र कुनिगल तालुक मुख्य रूप से ग्रामीण है और कृषि पर अत्यधिक निर्भर है। बड़ी संख्या में युवा गांवों में रहते हैं और खेती से अपनी आजीविका कमाते हैं। हालांकि कई महिलाएं उनसे शादी करने से इनकार कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे कई पुरुष तीस वर्ष की आयु पार करने के बाद भी अविवाहित हैं और प्रचलित सामाजिक प्रवृत्ति के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने लिखा इसलिए मैं अनुरोध करता हूं कि आगामी सत्र में गांवों में रहने वाले और कृषि में संलग्न पुरुषों से विवाह करने वाली महिलाओं के लिए एक विशेष भत्ता और एक विशेष दर्जा घोषित किया जाए।

रंगनाथ ने कहा कि यह उपाय ग्रामीण क्षेत्रों में युवा किसानों की कठिनाइयों को दूर करने में मदद करेगा और कृषि आधारित आजीविका के लिए सामाजिक समर्थन को प्रोत्साहित करेगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: