कांगो में इबोला के करीब दो हजार मामलों की पुष्टि, 754 संक्रमितों की मौत

बुनिया,  अफ्रीकी देश कांगो में इबोला के कुल 2 011 मामलों की पुष्टि हुई है और इनमें से 754 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। सरकार द्वारा मंगलवार रात को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई  जो देश में तेजी से फैलने संक्रमण को इंगित करता है।

           कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार  कुल 753 संक्रमितों को पृथकवास में या अस्पतालों में रखा गया है  जबकि अब तक 366 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

           मंत्रालय ने बताया कि संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाना अब भी एक चुनौती बनी हुई है। मध्य अफ़्रीकी देश 15 मई से दुर्लभ बुंडीबुग्यो वायरस से फैलने वाले इबोला का सामना कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इबोला का पहला मामला सामने आने के दो महीने बीतने के बावजूद इसका प्रसार तेजी से हो रहा है और स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।

           विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मंगलवार को कहा कि कम से कम 80 प्रतिशत नए मामले संक्रमण की ऐसी कड़ियों से सामने आ रहे हैं जिनके बारे में कोई जानकारी नहीं है। डब्ल्यूएचओ के आपात स्वास्थ्य प्रमुख डॉ. चिक्वे इहेक्वेजु ने मंगलवार को बताया कि हाल में इबोला से जान गंवा चुके कई लोग ऐसे थे  जो कभी स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंचे और उन्हें इलाज नहीं मिला। डॉ. इहेक्वेजु ने यह बयान कांगो में इबोला से सबसे अधिक प्रभावित इटुरी प्रांत के बुनिया से लौटने के बाद दिया।

           इस बीच इटुरी के अलग-अलग हिस्सों में स्वास्थ्य कर्मी भी हड़ताल पर जा रहे हैं। कुछ लोगों ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया है कि महामारी में काम करने के बावजूद उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: