कांग्रेस को देश की सुरक्षा,जनभावनाओं की परवाह नहीं :योगी आदित्यनाथ

हरोली (हिमाचल प्रदेश), उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस राम मंदिर निर्माण, ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ या अनुच्छेद 370 को रद्द करने जैसे कदम नहीं उठा सकी क्योंकि उसे देश की सुरक्षा और जनभावनाओं की परवाह नहीं है।

हिमाचल प्रदेश के हरोली विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए प्रचार करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नयी ऊंचाइयों को छू रहा है और वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक और अनुच्छेद 370 को रद्द करने सहित ऐतिहासिक कदम उठाये। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भी इस सरकार के तहत शुरू हो गया।

आदित्यनाथ इस चुनावी राज्य (हिप्र) में व्यापक रूप से पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘…क्या कांग्रेस ने कभी इस तरह का ऐतिहासिक कदम उठाया? नहीं, उसने ऐसा नहीं किया। कांग्रेस को देश की सुरक्षा और इसके लोगों की भावनाओं की परवाह नहीं है। और ऐसे में इस पार्टी को वोट देने का क्या मतलब है?’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ड्रग (मादक पदार्थ) माफिया, भू माफिया, खनन माफिया जैसे सभी प्रकार के माफिया का समर्थन किया है।

हिमाचल प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की डबल इंजन सरकार ने देश के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया है।

उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अब भारत ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारतीय मूल के एक व्यक्ति का ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बन जाना महज संयोग नहीं है।’’

हरोली सीट पर भाजपा के उम्मीदवार राम कुमार हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस के विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री से है। अग्निहोत्री ने पिछले दो विधानसभा चुनावों में कुमार को शिकस्त दी है।

हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। राज्य विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा का कांग्रेस से सीधा मुकाबला है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: