कुछ लोग दिखावे के लिए भगवा झंडा उठाते हैं, लेकिन सत्ता के लिए अन्यों से हाथ मिला लेते हैं: फडणवीस

नासिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने अपने पूर्व सहयोगी दल शिवसेना पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि कुछ लोग केवल दिखावे के लिए भगवा झंडा उठाते हैं, लेकिन सत्ता के लिए अन्य लोगों से हाथ मिला लेते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के नासिक में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा छत्रपति शिवाजी महाराज के भगवा झंडे की रक्षा करेगी।

फडणवीस ने किसी का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘यह तय है कि भाजपा नासिक नगर निगम (एनएमसी) में भगवा झंडा फहराएगी और सत्ता में बनी रहेगी। भगवा झंडा छत्रपति का है और अब भगवा झंडे की रक्षा करना भाजपा की जिम्मेदारी है। कुछ लोग केवल दिखावे के लिए भगवा झंडा उठा रहे हैं, लेकिन वे अन्य लोगों के साथ चले जाते हैं।’’

महाराष्ट्र में अन्य नगर निकायों के साथ अगले कुछ महीनों में एनएमसी के चुनाव होने हैं।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ,‘‘आप जानते हैं कि राज्य में तीन दलों वाली यह सरकार क्या कर रही है। वे या तो साथ आएंगे या अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। उनका अनुसरण करने के बजाय, भाजपा को वोट देने का अर्थ है- विकास को वोट देना और इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है।’’

फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने नासिक को ‘‘गोद’’ लिया और सिटीलिंक बस सेवा और मेट्रो सेवा जैसी कई योजनाएं शुरू कीं।

उन्होंने कहा, ‘‘नासिक में भविष्य में इसी प्रकार की परियोजनाएं आएंगी। नासिक मेट्रो ने एक उदाहरण पेश किया है और देश के अन्य स्थानों पर भी इस मॉडल का अनुसरण किया जाएगा।’’

फडणवीस ने कहा कि केंद्र जल्द ही ‘नमामि गोदावरी’ परियोजना शुरू करेगा और यदि ‘‘राज्य सरकार कोई बाधा पैदा नहीं करती है’’, तो आगामी तीन साल में नासिक में मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पवार, पूर्व मंत्री जय रावल, विधायक देवयानी फरांडे, नासिक शहर के अध्यक्ष गिरीश पाल्वे और भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद थे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: