केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नवीकरणीय ऊर्जा विकास में तेजी लाने के लिए एनएलसीआईएल को निवेश छूट को मंजूरी दी

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यमों (सीपीएसई) पर लागू मौजूदा निवेश दिशानिर्देशों से एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल) को विशेष छूट प्रदान की है। इस रणनीतिक निर्णय से एनएलसीआईएल अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, एनएलसी इंडिया रिन्यूएबल्स लिमिटेड (एनआईआरएल) में 7,000 करोड़ रुपये का निवेश कर सकेगी और बदले में एनआईआरएल मौजूदा शक्तियों के प्रत्यायोजन के तहत पूर्व अनुमोदन की आवश्यकता के बिना, सीधे या संयुक्त उद्यम बनाकर विभिन्न परियोजनाओं में निवेश कर सकेगी। इस निवेश को सार्वजनिक उद्यम विभाग (डीपीई) द्वारा संयुक्त उद्यमों और सहायक कंपनियों में सीपीएसई द्वारा समग्र निवेश के लिए निर्धारित 30% निवल मूल्य सीमा से भी छूट दी गई है, जिससे एनएलसीआईएल और एनआईआरएल को अधिक परिचालन और वित्तीय लचीलापन प्राप्त होगा।

छूट का उद्देश्य एनएलसीआईएल के 2030 तक 10.11 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा (आरई) क्षमता विकसित करने और 2047 तक इसे 32 गीगावाट तक विस्तारित करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य का समर्थन करना है। यह अनुमोदन कम कार्बन अर्थव्यवस्था की ओर संक्रमण और सतत विकास प्राप्त करने के लिए सीओपी26 के दौरान की गई भारत की प्रतिबद्धताओं के अनुरूप है। देश ने “पंचामृत” लक्ष्यों और 2070 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन प्राप्त करने की अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के हिस्से के रूप में 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा क्षमता का निर्माण करने का संकल्प लिया है।

एक महत्वपूर्ण बिजली उपयोगिता और नवरत्न सीपीएसई के रूप में, एनएलसीआईएल इस परिवर्तन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस निवेश के माध्यम से, एनएलसीआईएल अपने नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो का पर्याप्त विस्तार करना चाहता है और राष्ट्रीय और वैश्विक जलवायु कार्रवाई उद्देश्यों में सार्थक योगदान देना चाहता है। कैबिनेट की इस मंज़ूरी के बाद ये संपत्तियाँ एनआईआरएल को हस्तांतरित कर दी जाएँगी। एनएलसीआईएल की हरित ऊर्जा पहलों के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में परिकल्पित एनआईआरएल, नई परियोजनाओं के लिए प्रतिस्पर्धी बोली में भागीदारी सहित, नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसरों की सक्रिय रूप से खोज कर रहा है।इस मंज़ूरी से जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने, कोयले के आयात को कम करने और देश भर में 24×7 बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाकर भारत की हरित ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी स्थिति को मज़बूत करने की उम्मीद है।पर्यावरणीय प्रभाव के अलावा, इस पहल से निर्माण और संचालन के दौरान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह के महत्वपूर्ण रोज़गार सृजित होने का अनुमान है, जिससे स्थानीय समुदायों को लाभ होगा और समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।https://en.wikipedia.org/wiki/NLC_India_Limited#/media/File:NLC_India_Limited.svg

%d bloggers like this: