धर्मेंद्र प्रधान ने नायब सैनी के साथ गुरुग्राम में साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय के भारतीय परिसर का उद्घाटन किया

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ गुरुग्राम, हरियाणा में साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय के भारतीय परिसर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लॉर्ड पटेल, भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन, विश्वविद्यालय के अध्यक्ष एवं कुलपति मार्क ई. स्मिथ, अकादमिक प्रोवोस्ट एलोइस फिलिप्स और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

यह उद्घाटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की पाँचवीं वर्षगांठ के साथ भारत के उच्च शिक्षा परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण विकास का प्रतीक है। साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय, जो क्यूएस के शीर्ष 100 संस्थानों में से एक है और यूके के रसेल समूह का संस्थापक सदस्य है, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (भारत में विदेशी उच्च शिक्षण संस्थानों के परिसरों की स्थापना और संचालन) विनियमों के तहत भारत में परिसर का संचालन करने वाला पहला विदेशी विश्वविद्यालय बन गया है।

अपने संबोधन में, शिक्षा मंत्री ने इस आयोजन को एनईपी 2020 के तहत शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण में एक मील का पत्थर और भारत-यूके रोडमैप 2030 के शिक्षा घटक को गहन बनाने में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने आशय पत्र प्राप्त होने के एक वर्ष के भीतर परिसर की स्थापना के लिए विश्वविद्यालय की प्रशंसा की और विश्वास व्यक्त किया कि यह भविष्य के वैश्विक नेताओं को तैयार करने वाले एक प्रमुख संस्थान के रूप में विकसित होगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने शिक्षा को भारत और यूके के बीच एक “जीवित सेतु” बताया है और इस नए परिसर का शुभारंभ उस सेतु को और मजबूत करने का एक अवसर प्रदान करता है। गुरुग्राम स्थित यह परिसर छात्रों को घर के करीब, अधिक किफायती लागत पर और सांस्कृतिक रूप से परिचित वातावरण में विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करेगा।Photo : Wikimedia

%d bloggers like this: