केंद्र द्वारा मंजूर सड़क परियोजनाओं से विकास को मिलेगी गति : मोहन यादव

भोपाल,  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य में दो सड़क निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने से बैतूल  खंडवा  खरगोन और बड़वानी जैसे आदिवासी बहुल जिलों के समग्र विकास को गति मिलेगी।

            केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मध्यप्रदेश में 4 415.60 करोड़ रुपये की लागत वाली दो सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

            इन परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-347बी के हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रूधी खंड को मौजूदा मध्यवर्ती लेन वाली दो-लेन सड़क में उन्नत करना तथा एनएच-347बी के देशगांव-जुलवानिया खंड का दो-लेन से चार-लेन में चौड़ीकरण शामिल है। इस खंड की कुल लंबाई 108.643 किलोमीटर है। परियोजना का निर्माण ‘हाइब्रिड एन्युटी मोड’ के तहत किया जाएगा।

            प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए यादव ने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार के कारण विकास कार्यों की रफ्तार दोगुनी हुई है।

            मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को केंद्र सरकार की ओर से राज्य के लिए ‘‘उपहार’’ बताते हुए कहा कि इससे बैतूल  खंडवा  खरगोन और बड़वानी जिलों के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

            उन्होंने बताया कि खरगोन जिले में 16.20 किलोमीटर लंबे ‘ग्रीनफील्ड’(पूरी तरह से नया) बाईपास का भी निर्माण किया जाएगा।

            यादव ने कहा कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर से मध्यप्रदेश में सड़क संपर्क बेहतर होगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: