दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आप समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटवाकर चुनावी प्रक्रिया में हेराफेरी करने का प्रयास कर रही है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा, “केंद्र सरकार दिल्ली के लोगों के खिलाफ बहुत बड़ी साजिश रच रही है। गलत तरीकों से चुनाव जीतने के लिए वह सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है और बड़े पैमाने पर दिल्ली के लोगों के वोट काटने का काम शुरू कर रही है। इसी साजिश के तहत 28 अक्टूबर को दिल्ली के 29 एसडीएम-एडीएम का तबादला किया गया और उसके बाद अधिकारियों को बड़े पैमाने पर वोट काटने के आदेश दिए गए। अब एसडीएम दफ्तरों से एईआरओ-बीएलओ को आदेश दिए जा रहे हैं। उन्हें एक वोटर लिस्ट दी जा रही है जिसमें आम आदमी पार्टी के मतदाताओं के नाम हैं और उन्हें उन्हें वोटर लिस्ट से हटाना है। आतिशी ने सभी एईआरओ-बीएलओ से अपील की कि अगर कोई अधिकारी उन पर ऐसा करने के लिए दबाव बना रहा है तो उसकी रिकॉर्डिंग करके उन्हें भेजें, लोकतंत्र की हत्या करने की उनकी साजिश का पर्दाफाश करें ताकि इन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।Photo : Wikimedia