चेन्नई, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पड़ोसी राज्य केरलम से तेनकासी जिले की उपजाऊ जमीन पर खतरनाक जैव चिकित्सा अपशिष्ट फेंके जाने की घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार की कथित ढिलाई को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है और सीमावर्ती जिलों को कचरा फेंकने का अड्डा बनाया जा रहा है।
नागेंद्रन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा “केरलम से लाए जा रहे भारी मात्रा में खतरनाक चिकित्सा अपशिष्ट को तेनकासी जिले की कृषि भूमि और खुले स्थानों पर फेंकने तथा जलाने की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। साक्ष्य के रूप मेंबोतलों और जहरीले कचरे पर ‘केवल केरलम में बिक्री के लिए’ लिखा होने के बावजूद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार सीमा पर स्थित जांच चौकियों की निगरानी करने में नाकाम है।” उन्होंने केरलम में सीमा पर कड़ी जांच व्यवस्था का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि तमिलनाडु पुलिस और राज्य सरकार ऐसी लापरवाही कैसे होने दे सकती हैं।
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री विजय से इस मामले को केरलम के अपने समकक्ष के समक्ष सीधे उठाने सीमा पर निगरानी बढ़ाने अपशिष्ट की तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को जब्त करने और दोषियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल तेनकासी तक सीमित नहीं है बल्कि राज्य के सभी सीमावर्ती जिलों में जारी है।
नागेंद्रन ने कहा “कौन जानता है कि कृषि भूमि को जहरीला बनाने और तमिलनाडु को केरलम का कचरा घर बनाने वाली यह सरकार आगे और क्या करेगी। कम से कम अब तो अपनी ढिलाई छोड़ें केरलम के मुख्यमंत्री से बात करें और इस समस्या को तुरंत खत्म करें।”क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common