रक्षा मंत्रालय ने INS बेतवा की सामान्य मरम्मत (नॉर्मल रिफिट) और री-पावरिंग के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये का अनुबंध किया

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के जहाज ‘बेतवा’ की सामान्य मरम्मत और री-पावरिंग के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 498.58 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है। यह अनुबंध 11 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया।इस अनुबंध के तहत, भारतीय नौसेना के ब्रह्मपुत्र-श्रेणी के युद्धपोत (फ्रिगेट) INS बेतवा के प्रोपल्शन सिस्टम (चालक प्रणाली) में बड़ा बदलाव किया जाएगा। इसमें मौजूदा स्टीम-आधारित प्रोपल्शन सिस्टम को हटाकर डीजल-इंजन आधारित प्रोपल्शन सिस्टम लगाया जाएगा।

इस मरम्मत कार्य में आधुनिक हथियार प्रणालियों को शामिल करके जहाज की युद्धक क्षमताओं को भी अपग्रेड किया जाएगा, जिससे जहाज की परिचालन प्रभावशीलता बढ़ेगी।यह परियोजना जहाज की मरम्मत और रखरखाव के क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं को और मजबूत करेगी, विशेष रूप से जटिल प्रोपल्शन सिस्टम को बदलने और नौसैनिक प्लेटफॉर्म के आधुनिकीकरण के कार्यों में।

इस परियोजना में 50 से अधिक MSME (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों) के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे भारतीय जहाज निर्माण और उससे जुड़े उद्योगों में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।यह परियोजना सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन को बड़ा बढ़ावा देगी, साथ ही देश की स्वदेशी नौसैनिक जहाज मरम्मत और रखरखाव क्षमताओं को और मजबूत करेगी। https://x.com/PIBHindi/status/2120476358258409721/photo/1

%d bloggers like this: