कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारत की 59 सदस्यीय टीम, नीरज नहीं खेलेंगे

नयी दिल्ली, भारत ने दक्षिण कोरिया में होने वाली आगामी एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए शुक्रवार को 59 सदस्यीय टीम की घोषणा की। स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा उम्मीद के मुताबिक इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं होंगे जबकि कोच्चि में हाल ही में संपन्न फेडरेशन कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग सभी खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है।

दोहरे ओलंपिक पदक विजेता चोपड़ा का इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं होना उम्मीद के मुताबिक ही है क्योंकि इस सत्र में उनका ध्यान डायमंड लीग प्रतियोगिताओं और सितंबर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप पर होगा। इसके अलावा एनसी क्लासिक पर भी उनकी नजरें रहेंगी जिसकी मेजबानी वह 24 मई को बेंगलुरु में कर रहे हैं।

चोपड़ा ने भुवनेश्वर में 2017 टूर्नामेंट के बाद से इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया है जहां उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। तब से इस दिग्गज भारतीय की नजरें डाइमंड लीग प्रतियोगिताओं विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक पर रही हैं।

महाद्वीपीय चैंपियनशिप के पिछले सत्र में स्वर्ण पदक जीतने वाले राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक गोला फेंक खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर को फेडरेशन कप में निराशाजनक दूसरे स्थान पर रहने के बाद टीम में जगह नहीं मिली है। पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीणा अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार करने के बावजूद टीम में जगह नहीं बना पाए क्योंकि उनका प्रयास भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा निर्धारित एशियाई चैंपियनशिप पात्रता स्तर से कम था।

अविनाश साबले (पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज) पारुल चौधरी (महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज) और गुलवीर सिंह (5000 मीटर और 10000 मीटर) जैसे शीर्ष खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। इन्होंने फेडरेशन कप में हिस्सा नहीं लिया था क्योंकि वे एएफआई की अनुमति लेने के बाद विदेश में प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। गुमी में 27-31 मई तक होने वाली एशियाई चैंपियनशिप के लिए टीम में धावक अनिमेष कुजूर भी शामिल हैं जिन्होंने 200 मीटर में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। त्रिकूद खिलाड़ी प्रवीण चित्रावेल को भी टीम में जगह मिली है जिन्होंने फेडरेशन कप के दौरान अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अन्नू रानी ने मार्च में मुंबई में इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता के दौरान 58.82 मीटर के प्रयास के आधार पर टीम में जगह बनाई। यह 32 वर्षीय खिलाड़ी फेडरेशन कप के दौरान एशियाई चैंपियनशिप के 58 मीटर के क्वालीफाइंग स्तर को पार नहीं कर पाई। हालाकि उन्होंने 56.66 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। वह पिछले कुछ समय से 60 मीटर के स्तर तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही हैं। फेडरेशन कप (21-24 अप्रैल) एशियाई चैंपियनशिप के लिए अंतिम चयन प्रतियोगिता थी और एएफआई ने महाद्वीपीय चैंपियनशिप में चयन के लिए छूट हासिल करने वाले खिलाड़ियों को छोड़कर सभी एथलीटों के लिए इस प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा करना अनिवार्य कर दिया था।

बैंकॉक में पिछले टूर्नामेंट में भारत छह स्वर्ण 12 रजत और नौ कांस्य के साथ 27 पदक जीतकर जापान और चीन के बाद तीसरे स्थान पर रहा था। भारतीय टीम: पुरुष: अनिमेष कुजूर (200 मीटर) अनु कुमार और कृष्ण कुमार (800 मीटर) यूनुस शाह (1500 मीटर) अविनाश साबले (3000 मीटर स्टीपलचेज) गुलवीर सिंह और अभिषेक पाल (5000 मीटर) गुलवीर सिंह और सावन बरवाल (10 000 मीटर) प्रवीण चित्रावेल और अबदुल्ला अबुबाकर (त्रिकूद) सर्वेश कुशारे (ऊंची कूद) सचिन यादव और यसवीर सिंह (भाला फेंक थ्रो) समरदीप सिंह (गोला फेंक) तेजस्विन शंकर (डेकाथलन) सर्विन सबेस्टियन और अमित (20 किमी पैदल चाल)।

चार गुणा 100 मीटर रिले: प्रणव प्रमोद गुरव अनिमेष कुजूर मणिकांत होबलीदार अमलान बोरगोहेन तमिलरासु एस रागुल कुमार जी गुरविंदरवीर सिंह। चार गुणा 400 मीटर रिले: विशाल टीके जय कुमार मनु टीएस रिंस जोसेफ तुषार मन्ना संतोष कुमार धर्मवीर चौधरी मोहित कुमार।

महिलाएं: नित्या गांधे (200 मीटर) रूपल चौधरी और विथ्या रामराज (400 मीटर) ट्विंकल चौधरी और पूजा (800 मीटर) लिली दास और पूजा (1500 मीटर) पारुल चौधरी और अंकिता (3000 मीटर स्टीपलचेज) संजीवनी जाधव और पारुल चौधरी (5000 मीटर) संजीवनी जाधव और सीमा (10 000 मीटर) ज्योति याराजी (100 मीटर बाधा दौड़) आर विथ्या रामराज और अन्नू आर (400 मीटर) शैली सिंह और ऐंसी सोजन (लंबी कूद) पूजा (ऊंची कूद) सीमा (चक्का फेंक) अन्नू रानी (भाला फेंक) अगसारा नंदिनी (हेप्टाथलन)।

चार गुणा 100 मीटर रिले: नित्या गांधे अबिनया राजराजन स्नेहा एसएस श्रावणी नंदा दानेश्वरी एटी वी सुदीक्षा। चार गुणा 400 मीटर रिले: रूपल चौधरी स्नेहा के सुभा वेंकटेशन जिस्ना मैथ्यू कुंजा रजिथा सरंद्रमोल साबू।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: