गुलमर्ग में 23 फरवरी से ‘खेलो इंडिया शीतकालीन खेल’ शुरू होंगे

श्रीनगर, जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में 23 फरवरी से शुरू होने वाले खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों (केआईडब्ल्यूजी) में 700 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्की सहायक मोहम्मद रफीक चेची ने कहा इस सर्दी में अच्छी बर्फबारी हुई है जिससे स्कीइंग और स्लेजिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों का यहां आयोजन हो रहा है और इससे हमें अपनी आजीविका कमाने में मदद मिलेगी।

इस वर्ष बर्फ स्पर्धाओं के लिए केआईडब्ल्यूजी का पहला चरण लद्दाख के लेह में 20 से 26 जनवरी तक आयोजित किया गया था जबकि हिम स्पर्धाओं के लिए खेलों का दूसरा चरण 23 से 26 फरवरी तक गुलमर्ग में आयोजित किया जाएगा।

युवा सेवाओं और खेल विभाग द्वारा जारी एक वीडियो में चेची ने कहा गुलमर्ग तैयार है आपका इंतजार है। गुलमर्ग में चार पदक खेलों स्की पर्वतारोहण अल्पाइन स्कीइंग नोर्डिक स्कीइंग (क्रॉसकंट्री) और स्नोबोर्डिंग की स्पर्धायें होंगी । तंगमर्ग इलाके के एक पर्यटक गाइड एजाज अहमद वानी ने कहा कि गुलमर्ग और उसके आसपास के युवाओं का एक बड़ा हिस्सा पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों से अपनी आजीविका कमाता है।

वानी ने कहा जितने अधिक पर्यटक आएंगे हमारी आय (कमाई) उतनी ही बेहतर होगी। पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पर्यटकों की संख्या में काफी गिरावट आई थी। हालांकि अब पर्यटक फिर से आने लगे हैं और हमें उम्मीद है कि शीतकालीन खेल कश्मीर में पर्यटन के लिए एक अच्छे साल की शुरुआत करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मंत्री मनसुख मांडविया ने पिछले सप्ताह खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2026 के गुलमर्ग चरण की तारीखों की घोषणा की।

मांडविया ने कहा ‘‘ गुलमर्ग चरण शीतकालीन ओलंपिक के ठीक बाद हो रहा है । खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों के आयोजन के लिये यह बिल्कुल सही समय है।’’ यह केआईडब्ल्यूजी का छठा संस्करण होगा। अब तक के सभी छह संस्करणों का आयोजन जम्मू कश्मीर और लद्दाख में ही किया गया है। केआईडब्ल्यूजी 2026 के लद्दाख चरण की समाप्ति पर हरियाणा चार स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में सबसे आगे रहा। इसके बाद लद्दाख महाराष्ट्र और तेलंगाना का स्थान रहा। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: