गौरी स्प्रैट के साथ विवाह सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में होगा: आमिर खान

मुंबई,  फिल्म अभिनेता आमिर खान ने कहा कि गौरी स्प्रैट के साथ उनकी शादी पांच जुलाई को उनके घर में ही होगी और उन्हें उम्मीद है कि दोनों का जीवन साथ में अच्छा गुजरेगा। आमिर ने बृहस्पतिवार शाम वेब सीरिज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ की स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया। राजकुमार हिरानी की यह पहली वेब सीरीज है।

           राजकुमार हिरानी ने ‘3 इडियट्स’ और ‘पीके’ जैसी फिल्में बनाई हैं  जिनमें आमिर खान काम कर चुके हैं।  आमिर (61) ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शादी एक निजी समारोह होगा  जिसमें केवल परिवार के लोग और दोस्त शामिल होंगे। उन्होंने कहा  ‘‘ मैं पांच जुलाई को शादी कर रहा हूं और विवाह समारोह घर पर ही करीबी परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में होगा। हम सभी का आशीर्वाद चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि हमारी साथ की यात्रा खुशहाल रहेगी।’’

           आमिर अपने बेटे जुनैद खान के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे। यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। उन्होंने पहली शादी फिल्म निर्माता रीना दत्ता से की थी  जो वर्ष 1986 से 2002 तक चली।

           दोनों के दो बच्चे हैं  जुनैद खान और इरा खान।  इसके बाद वर्ष 2005 में आमिर ने निर्देशक किरण राव से शादी की थी और वर्ष 2021 में दोनों अलग हो गए। दोनों के एक बेटा है जिसका नाम आजाद है।

           आमिर ने वर्ष 2025 में अपनी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ के प्रचार के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में गौरी स्प्रैट को मीडिया से परिचित कराया था।

           उस समय अभिनेता ने कहा था कि दोनों एक वर्ष से अधिक समय से साथ हैं।

           उन्होंने कहा था  ‘‘ मुझे लगा कि आप सभी के लिए उनसे मिलने का यह एक अच्छा अवसर होगा। इसके अलावा  अब हमें छिपने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। उन्होंने पिछली रात शाहरुख खान और सलमान खान से भी मुलाकात की।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: