चक्रवात ‘सितरंग’ के कारण बांग्लादेश में 18 लोगों की मौत

ढाका, चक्रवात ‘सितरंग’ के कारण बांग्लादेश में सोमवार रात से तीन बच्चों समेत कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों और मीडिया में आई खबरों से मंगलवार को यह जानकारी मिली।

ढाका ट्रिब्यून अखबार की खबर के मुताबिक, चक्रवात ‘सितरंग’ मंगलवार को तड़के बांग्लादेश के तटीय हिस्सों में पहुंचा और बाद में कमजोर पड़ गया।

खबर के मुताबिक, कोमिला जिले में सोमवार देर रात घर पर पेड़ गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि भोला जिले में पेड़ के नीचे दबने और डूबने से चार लोगों की जान चली गई।

इसके मुताबिक, ढाका में एक बहुमंजिला इमारत की रेलिंग गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि गोपालगंज जिले में एक पेड़ गिरने की घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई।

खबर के मुताबिक, मुंशीगंज जिले में घर पर पेड़ गिरने से एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई।

आपदा प्रबंधन और राहत मंत्रालय के राज्य मंत्री इनामुर रहमान ने मंगलवार को ढाका में प्रेसवार्ता में कहा कि चक्रवात से पूरे बांग्लादेश में लगभग 10,000 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, 6,000 हेक्टेयर कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा है।

बंगाल की खाड़ी में बने ऊष्णकटिबंधीय चक्रवात ‘सितरंग’ के बांग्लादेश के तट की ओर बढ़ने से पहले अधिकारियों को सोमवार को हजारों लोगों को सुरक्षित आश्रयों में पहुंचाना पड़ा था।

चक्रवात के प्रभाव के चलते देश भर में लगभग पूरे दिन भारी बारिश हुई, जिससे दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों के कई इलाकों में जलभराव हो गया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: