जम्मू जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठेर ने कहा कि अगले महीने शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया गया कि वे जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए उन्हें सदन में उठाकर कार्यवाही का प्रभावी उपयोग करें।
विधानसभा का 27 दिवसीय सत्र दो फरवरी को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार छह फरवरी को अपना दूसरा बजट पेश करेगी। विधानसभा का यह पांचवां सत्र चार अप्रैल को समाप्त होगा।
राठेर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा “विधानसभा सत्र के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां चल रही हैं। हमने विभिन्न विभागों के साथ बैठकें की हैं। दो फरवरी को सत्र शुरू होने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। उपराज्यपाल के अभिभाषण से पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक भी निर्धारित है।”
यह सत्र तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा पहला चरण रमज़ान शुरू होने से पहले और शेष दो चरण ईद-उल-फितर के बाद मार्च और अप्रैल में होंगे। रमज़ान का महीना 18 या 19 फरवरी को शुरू होने की उम्मीद है।
राठेर ने कहा सभी विधायकों को मेरा संदेश है कि वे जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए उपलब्ध समय का सदुपयोग करें। लोगों को बहुत उम्मीदें हैं और वे चाहते हैं कि उनकी चिंताओं का समाधान किया जाए।”
अध्यक्ष ने कहा “हमें सत्र के वक्त को अप्रासंगिक मामलों में बर्बाद नहीं करना चाहिए बल्कि हमें जनहित के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान खोजने के लिए ईमानदारी से काम करना चाहिए।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common