जेन जी के साथ संवाद में मोहन भागवत ने देर कर दी: राज ठाकरे

नासिक (महाराष्ट्र), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने जेन जी के सदस्यों के साथ बातचीत करने में काफी देर कर दी।‘जेन जी’ या ‘जनरेशन जी’ उन लोगों की पीढ़ी को कहते हैं जिनका जन्म वर्ष 1997 से 2012 के बीच हुआ है।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकरे ने हाल ही में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्न पत्र लीक होने के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि यह युवाओं के भीतर पनप रहे गुस्से का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर हुआ प्रदर्शन देश के हर घर तक पहुंचा है और यह तो बस एक शुरुआत है। भागवत ने बृहस्पतिवार को मुंबई में जेन जी और जेन अल्फा (2012 के बाद जन्मे बच्चे/किशोर) के सदस्यों से बातचीत की थी और उनके समर्थन में उतरते हुए कहा था कि उनकी शिकायतें वास्तविक हैं तथा युवाओं का विरोध प्रदर्शन करना उन्हें देशविरोधी नहीं बनाता है।

इस संवाद को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा नीट पेपर लीक के विरोध में किए गए प्रदर्शनों और उसके बाद पिछले महीने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद से आरएसएस का युवाओं के प्रति सबसे बड़ा संपर्क अभियान माना जा रहा है।

भागवत के इस संवाद से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए ठाकरे ने कहा यह काम बहुत देर से हुआ। मनसे प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि नीट प्रश्न पत्र लीक को लेकर हुआ विरोध प्रदर्शन भाजपा की अंदरूनी लड़ाई का परिणाम था। उन्होंने कहा जब भी कोई अपने विरोधियों को खत्म कर देता है तो संगठन के भीतर ही दुश्मन पैदा हो जाते हैं। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: