चेन्नई, तमिलनाडु की विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई के पलानीस्वामी ने बुधवार को सत्तारूढ़ तमिल वेत्री कषगम (टीवीके) गठबंधन सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसके नेता और मंत्री बुनियादी जनसमस्याओं की अनदेखी कर सोशल मीडिया पर ‘रील्स’ बनाने में अधिक रुचि ले रहे हैं।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में पलानीस्वामी ने कहा कि टीवीके की स्थापना और चुनाव प्रचार से लेकर सत्ता में आने तक उसके कार्यकर्ता पदाधिकारी विधायक और मंत्री अपने नेता एवं मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नक्शेकदम पर चलते हुए शासन के बजाय ऑनलाइन प्रचार को प्राथमिकता दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया ‘‘टीवीके गठबंधन सरकार का कुशासन चल रहा है जहां लोगों की बुनियादी समस्याओं से ध्यान भटकाया जाता है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक विशेष घटना का उल्लेख करते हुए सहकारिता मंत्री वी गांधी राज के आचरण पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंत्री ने कथित तौर पर आधी रात को मुख्यमंत्री विजय के गृह विभाग के तहत आने वाले टक्कोलम और अरक्कोणम पुलिस थानों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस कांस्टेबल का मोबाइल फोन जांचते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।
पलानीस्वामी ने कहा ‘‘आम तौर पर पुलिस थाना कानून का पालन सुनिश्चित करने वाला स्थान होता है और मंत्री वहां व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण करने नहीं जाते।’’
अन्नाद्रमुक नेता ने कहा कि आधी रात को मंत्री के थाने जाने के वास्तविक उद्देश्य को लेकर जनता के मन में भी संदेह है। उन्होंने सवाल किया कि मंत्री निरीक्षण के लिए गए थे या किसी विचाराधीन कैदी से मिलने और किस अधिकार के तहत उन्होंने महिला पुलिस अधिकारी के निजी फोन की जांच की।
पलानीस्वामी ने चेतावनी दी कि ‘रील्स बनाने की सनक’ से प्रेरित ऐसी कार्रवाई एक खतरनाक परंपरा की शुरुआत कर सकती है।
अन्नाद्रमुक नेता ने तिरुचेंदूर मुरुगन मंदिर में आयोजित सूरसम्हारम उत्सव के कथित राजनीतिकरण की भी निंदा की। इस उत्सव में सख्त उपवास रखने के बाद लाखों श्रद्धालु शामिल हुए थे।
उन्होंने लोकगायक वेलमुरुगन और पुष्पवनम कुप्पुसामी के प्रदर्शन का उल्लेख किया जिन्होंने मुख्यमंत्री और हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती मंत्री एस रमेश की प्रशंसा में नारे लगाए थे।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common