चेन्नई , तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने राज्य के जीएसटी संग्रह में गिरावट को लेकर द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन के दावे को खारिज करते हुए कहा कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के सत्ता संभालने के बाद राज्य के जीएसटी राजस्व संग्रह में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की माल एवं सेवा कर (जीएसटी) वृद्धि नकारात्मक रुझान से निकलकर अक्टूबर तक 3.2 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि पर पहुंच गई है। इसके अलावा समायोजन के बाद अक्टूबर में वृद्धि आठ प्रतिशत रही।
विल्सन ने इस वृद्धि का श्रेय मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की नई पहलों और सुधारों को दिया।
उन्होंने सोमवार को यहां संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि ये नतीजे समय के साथ लागू किए गए सोच-समझकर किए गए नीतिगत बदलावों का परिणाम हैं और इनका असर रातोंरात देखने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
विल्सन ने पूर्व वित्त मंत्री थंगम थेन्नारासु की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह मौजूदा सकारात्मक वृद्धि के आंकड़ों की अनदेखी कर केवल ‘‘नकारात्मक विमर्श’’ और पुराने जीएसटी आंकड़ों पर ध्यान दे रहे हैं।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता स्टालिन और थेन्नारासु दोनों ने सत्तारूढ़ टीवीके की आलोचना करते हुए सोमवार को आरोप लगाया था कि उसकी नीतियों के कारण तमिलनाडु गंभीर आर्थिक मंदी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा था कि राज्य के कर राजस्व में भारी गिरावट आई है नीतिगत स्तर पर ‘‘ठहराव’’ की स्थिति है और बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं पड़ोसी राज्य में जा रही हैं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common