मुंबई, आक्रामक बल्लेबाज तिलक वर्मा को टी20 विश्व कप के अभ्यास मुकाबलों के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया जबकि लंबे समय तक चोट के कारण बाहर रहने के बाद तेज गेंदबाज मयंक यादव की भी टीम में वापसी हुई। तिलक को ग्रोइन की चोट से पूरी तरह उबरने के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से खेलने की स्वीकृति मिल गई है। वह सीनियर राष्ट्रीय टीम में फिर से शामिल होने से पहले दो अभ्यास मैच में से एक में खेलेंगे।
यह बाएं हाथ का बल्लेबाज न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में हुई टी20 श्रृंखला में नहीं खेल पाया था जिसमें श्रेयस अय्यर को उनकी जगह मौका दिया गया था।बीसीसीआई ने टीम की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ‘‘तिलक वर्मा सीनियर टीम में शामिल होने से पहले एक अभ्यास मैच खेलेंगे।’’
भारत ए की टीम सोमवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में अमेरिका से भिड़ेगी जबकि शुक्रवार को बेंगलुरु के सीओई में नामीबिया का सामना करेगी। आयुष बडोनी 15 सदस्यीय भारत ए टीम की कप्तानी करेंगे जिसमें नमन धीर विपराज निगम और रियान पराग भी शामिल हैं।
मयंक स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण एक साल से अधिक समय से टीम से बाहर थे।
गत चैंपियन भारत सात फरवरी को टी20 विश्व कप के पहले दिन अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
भारत ए टीम:
आयुष बडोनी (कप्तान) नमन धीर आशुतोष शर्मा प्रियांश आर्य एन जगदीशन तिलक वर्मा रियान पराग मानव सुथार अशोक शर्मा उर्विल पटेल गुरजपनीत सिंह विपराज निगम रवि बिश्नोई खलील अहमद मयंक यादव।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common