थाईलैंड के फुकेत द्वीप में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से कई इलाके जलमग्नबैंकॉक, थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल फुकेत द्वीप के कई इलाकों में रातभर हुई भारी बारिश के बाद सोमवार को अचानक बाढ़ आ गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दक्षिणी द्वीपीय प्रांत के तीनों जिले बाढ़ से प्रभावित हुए जिनमें प्रांतीय राजधानी फुकेत शहर भी शामिल है।
प्रांत के उप-गवर्नर रोमडोन हाइयावाए ने बताया कि सोमवार सुबह के बाद पानी का स्तर घटने लगा था लेकिन निचले इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ था। इन इलाकों में छोटे वाहनों को जाने से बचने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि प्रांत के कुछ हिस्सों में भूस्खलन भी हुआ है। अधिकारी मलबा हटाने में जुटे हैं ताकि वह नहरों में न गिरे और जलमार्गों में रुकावट पैदा न करे।
सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुसता और सड़कों पर भरता दिखाई दे रहा है। पानी भरने से कई सड़कें आवागमन के लिए बंद हो गईं। बाढ़ के बाद जमा मिट्टी और पत्थरों के ढेर में वाहन आंशिक रूप से दबे हुए भी नजर आए। रोमडोन ने बताया कि बाढ़ से करीब 100 परिवार प्रभावित हुए हैं। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
थाईलैंड के मौसम विभाग ने दक्षिणी क्षेत्र में बुधवार तक लगातार भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इससे अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं। आपदा रोकथाम एवं न्यूनीकरण विभाग के अनुसार थाईलैंड के कई हिस्सों में सितंबर के मध्य से बाढ़ का कहर जारी है और सोमवार तक कम से कम 83 लोगों की मौत होने की सूचना है।
सितंबर के अंत में राजधानी बैंकॉक में भी कई दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ आ गई थी। इसके कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common