दिल्ली में साकेत अदालत में महिला को गोली मारी गई, अस्पताल में भर्ती

नयी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली में सुबह साकेत अदालत के अंदर एक महिला को गोली मार दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला के पेट और एक हाथ पर गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी फरार हो गया है।

             पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई। चौधरी ने कहा, ‘‘एम राधा को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली उसके पेट और एक गोली हाथ में लगी है। राधा की उम्र 40 वर्ष से अधिक है। उसे साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।’’

             चौधरी ने कहा, ‘‘आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसने पीड़िता और वकील राजेंद्र झा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कराया था।’’

            पुलिस ने बताया कि इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को होनी थी। एक सूत्र ने बताया कि आरोपी एक वकील है, जिसे साकेत अदालत की बार एसोसिएशन ने पहले निलंबित कर दिया था।

             उसने बताया कि आरोपी ने महिला को कथित रूप से 25 लाख रुपए ब्याज पर उधार दिए थे और वह उसका भुगतान नहीं कर रही थी। चौधरी ने बताया कि एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, आरोपी ने चार-पांच गोलियां चलाईं और इसके बाद वह भोजनालय के पीछे के दरवाजे से भाग गया।  उन्होंने बताया कि अदालत में हालात सामान्य हैं।  ‘साकेत कोर्ट बार एसोसिएशन’ के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए और कानूनी पेशे से जुड़े लोगों को विशेष रूप से यह सुनिश्चित करना चाहिए।

             शर्मा ने पुष्टि की कि आरोपी वकील की सदस्यता एसोसिएशन ने निलंबित कर दी थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चरमरा गई है।    उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। दूसरों के कामों में अड़चन पैदा करने और हर बात पर गंदी राजनीति करने की बजाय सबको अपने-अपने काम पर ध्यान देना चाहिये।’’

             उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई इसे संभाल नहीं पा रहा, तो उसे इस्तीफा दे देना चाहिए ताकि कोई और इसकी जिम्मेदारी ले सके। लोगों की सुरक्षा रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।’’दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने इस घटना को लेकर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर हमला बोला।

            उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘उपराज्यपाल साहब के दो ही काम हैं – पुलिस और डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण)। नये उपराज्यपाल साहब के आने के बाद दिल्ली की कानून व्यवस्था लगातार बद से बदतर होती जा रही है। अदालतों में गोलियां चल रही हैं। पुलिस 350 करोड़ के भ्रष्टाचार में डूबी है।’इससे पहले, वकील बनकर आए दो लोगों ने 2021 में जेल में बंद गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की रोहिणी अदालत कक्ष में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: