दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा ऐप) के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया और दिल्ली विधानसभा में नेवा के कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा की।
गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन से प्रेरित होकर नेवा ऐप के माध्यम से पूरे विधानसभा को पेपरलेस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। डिजिटल तकनीक के उपयोग से कार्य प्रणाली अधिक पारदर्शी, कुशल और पर्यावरण अनुकूल बनेगी।
गुप्ता ने कहा कि ई-विधान एप्लीकेशन दस्तावेजों की उपलब्धता और प्रबंधन में तेजी लाएगा और विधानसभा की कार्यवाही को सुचारू और आधुनिक बनाने में भी मदद करेगा।
गुप्ता ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री ने देश भर की विधानसभाओं के डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए कहा था कि सभी सदनों को नेवा के रूप में उपलब्ध तकनीकी समाधानों को अपनाकर डिजिटल संक्रमण की ओर बढ़ना चाहिए।” बैठक में दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट भी शामिल हुए।