कोलकाता, दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले मैच में स्कॉटलैंड यह साबित करना चाहेगा कि ऐन मौके पर टूर्नामेंट में जगह बनाने का मौका मिलने के बावजूद वह बड़े प्रतिद्वंद्वियों को हराने में सक्षम है । बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से करीब एक महीने तक बातचीत नाकाम रहने के बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में मौका दिया है । टूर्नामेंट शुरू होने से महज दो सप्ताह पहले उसे प्रवेश मिला है ।
बांग्लादेश को चार ग्रुप मैच भारत में खेलने थे लेकिन सुरक्षा कारणों से बीसीबी ने टीम भेजने से इनकार कर दिया ।
इसकी शुरूआत तीन जनवरी को हुई जब बीसीसीआई ने भारत और बांग्लादेश के बिगड़ते आपसी संबंधों के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 टीम से मुस्ताफिजूर रहमान को बाहर करने के निर्देश दिये ।
इसके एक दिन बाद बीसीबी ने आईसीसी से कहा कि वह अपनी टीम भारत नहीं भेजेगा जिससे रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को मौका मिला ।
यूरोपीय क्वालीफायर में नीदरलैंड इटली और जर्सी के बाद स्कॉटलैंड चौथे स्थान पर रहा था ।
स्कॉटलैंड के लिये सर्वाधिक 77 टी20 और 82 वनडे खेल चुके बायें हाथ के स्पिनर मार्क वाट ने कहा ‘‘ हमें बांग्लादेश के खिलाड़ियों से हमदर्दी है लेकिन हमारा मानना है कि हम यहां खेलने के हकदार थे ।’’
स्कॉटलैंड ने टी20 विश्व कप 2022 में वेस्टइंडीज को 42 रन से हराया था जिसमें वाट ने 12 रन देकर तीन विकेट लिये थे ।
कोलकाता के हालात में ढलने के लिये वाट ने अफगानिस्तान के महान स्पिनर राशिद खान और मोहम्मद नबी से बेंगलुरू में अभ्यास मैच के दौरान टिप्स भी लिये ।
उन्होंने कहा ‘‘ मैने नबी और राशिद से बात की कि कोलकाता में कैसे गेंदबाजी करनी होगी।’’
दूसरी ओर दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज टीम के शेरफान रदरफोर्ड और शाइ होप हाल ही में एसए 20 में शानदार प्रदर्शन करके आये हैं ।
टीमें : वेस्टइंडीज : शाइ होप (कप्तान) जॉनसन चार्ल्स रोस्टन चेस मैथ्यू फोर्डे शिमरोन हेटमायेर जैसन होल्डर अकील हुसैन शामार जोसेफ ब्रेंडन किंग गुडाकेश मोती रोवमैन पॉवेल शेरफान रदरफोर्ड क्वेंटिन सैम्पसन जेडेन सील्स रोमारियो शेफर्ड
स्कॉटलैंड : रिची बेरिंगटन (कप्तान ) टॉम ब्रूस मैथ्यू क्रॉस ब्राडले करी ओलिवर डेविडसन क्रिस ग्रीव्स जैनुल्लाह इहसान माइकल जोनेस माइकल लीस्क फिनले मैकक्री ब्रेंडन मैकमुलेन जॉर्ज मुंसी साफियान शरीफ मार्क वाट ब्राड व्हील । मैच का समय : दोपहर तीन बजे से ।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common