नाथू कॉलोनी फ्लाईओवर दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार का सबूत: विजेंद्र गुप्ता

भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता जो दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता भी हैं, ने शाहदरा में दुर्गापुरी चौक के पास नाथू कॉलोनी फ्लाईओवर का ‘निरीक्षण’ किया और कहा कि यह फ्लाईओवर दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार और लापरवाही का जीता जागता सबूत है।

गुप्ता ने कहा कि यह फ्लाईओवर तीसरे दर्जे की घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की वजह से बनने के कुछ समय बाद ही क्षतिग्रस्त होने लगा था। इस फ्लाईओवर पर दिल्ली की जनता के करोड़ों रुपए बर्बाद हुए और नतीजा यह हुआ कि पिछले 7 सालों से इस पर सिर्फ हल्के वाहन ही चल पा रहे हैं। यह भारी वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद है। इसकी तकनीकी जांच रिपोर्ट 2021 में मांगी गई थी, लेकिन आज तक वह रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। सवाल उठता है कि क्या रिपोर्ट को दबा दिया गया या फिर इसमें भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश की जा रही है? गुप्ता ने कहा कि आप सरकार की लापरवाही के कारण इस फ्लाईओवर के नीचे कूड़े के ढेर, जलभराव, गंदी सड़कें और फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नाथू कॉलोनी फ्लाईओवर के पास लगने वाले भीषण जाम के कारण लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार ने इस समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इससे साफ पता चलता है कि आप सरकार के लिए जनता को सुविधा देने से ज्यादा अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालना ज्यादा महत्वपूर्ण है। विजेंद्र गुप्ता के साथ रोहतास नगर के विधायक जितेंद्र महाजन भी मौजूद रहे।

https://twitter.com/Gupta_vijender/status/1861749411329528134/photo/1
%d bloggers like this: