पटना, मोकामा में गंगा के बाढ़ के उच्चतम स्तर के निशान को पार करने की आशंका

पटना, बिहार में गंगा नदी का जलस्तर पटना जिले के गांधी घाट पर बृहस्पतिवार रात तथा मोकामा के हथीदह में शुक्रवार दोपहर के आसपास बाढ़ के उच्चतम स्तर के निशान को पार कर सकता है।

आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) ने जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के हवाले से यह जानकारी दी। डीएमडी ने भोजपुर पटना सारण वैशाली नालंदा बेगूसराय लखीसराय और जहानाबाद जिलों में गंगा तट तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी घाटों तटबंधों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

विभाग की ओर से जारी परामर्श में लोगों को गंगा में स्नान या तैराकी नहीं करने अनावश्यक नाव यात्रा से बचने तथा नदी के आसपास किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण गतिविधि नहीं करने की सलाह दी गई है। परामर्श में कहा गया है कि लोग अपने आवश्यक दस्तावेज दवाइयां मोबाइल फोन टॉर्च पेयजल और अन्य आपातकालीन सामग्री तैयार रखें तथा प्रशासन के निर्देश मिलने पर निर्धारित सुरक्षित स्थानों या राहत शिविरों में जाने के लिए तैयार रहें।

डीएमडी ने लोगों से केवल सरकारी परामर्श पर भरोसा करने तथा बाढ़ की स्थिति में प्रशासन और बचाव दलों के निर्देशों का तत्काल पालन करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 या स्थानीय प्रशासन से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: