पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को राजनयिक पासपोर्ट जारी किया गया: खबर

इस्लामाबाद/लंदन, पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को राजनयिक पासपोर्ट जारी किया है। एक खबर में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई है।

शरीफ 2019 से ब्रिटेन में आत्म-निर्वासन में रह रहे हैं।

खबर में कहा गया है कि भ्रष्टाचार के आरोपों में एक पाकिस्तानी अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सरकार ने शरीफ का राजनयिक पासपोर्ट रद्द कर दिया था।

समाचार पत्र ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) प्रमुख शरीफ (72) को बृहस्पतिवार को विदेश मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद पांच साल की अवधि के लिए राजनयिक पासपोर्ट जारी किया गया था।

नियमों के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री राजनयिक पासपोर्ट रखने के हकदार हैं।

शरीफ भ्रष्टाचार के आरोप में कोट लखपत जेल में सात साल की जेल की सजा काट रहे थे, जब लाहौर उच्च न्यायालय ने उन्हें चार सप्ताह की जमानत दी थी और उन्हें इलाज के लिए देश छोड़ने की अनुमति दी थी।

नवंबर 2019 में, वह इलाज कराने के लिए लंदन गए थे और तब से वहीं रह रहे हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: