पाकिस्तान में ताजा पानी की सबसे बड़ी झील को बाढ़ से बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहा प्रशासन

इस्लामाबाद, पाकिस्तान में आयी अभूतपूर्व बाढ़ के कारण प्रशासन को देश में ताजा पानी की सबसे बड़ी झील को ‘ओवरफ्लो’ होने से बचाने के लिए मंगलवार को जद्दोजहद करना पड़ा।

झील के जलस्तर को कम करने का प्रशासन का सारा प्रयास विफल रहा है और इस कारण आसपास रहने वाले 1,00,000 लोगों को अब तक विस्थापित होना पड़ा है।

पाकिस्तान में इस साल मानसून के दौरान रिकॉर्ड बारिश होने के बाद सिंध प्रांत में स्थित मंचर झील भर गयी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण एक तिहाई पाकिस्तान पानी में डूबा हुआ है और जून के मध्य से अभी तक 1,300 से ज्यादा लोगों की बाढ़ के कारण मौत हो चुकी है।

अधिकारियों ने रविवार को झील से पानी छोड़ने का प्रयास भी किया था। उनके प्रयासों के बावजूद सोमवार को भी झील में जलस्तर बहुत ऊंचा रहा। मंगलवार को फिर से जलस्तर को कम करने का प्रयास किया गया।

झील का तटबंध अभी तक चार बार टूट चुका है और निचले इलाके में बसे लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 1,00,000 से ज्यादा लोगों को वहां से सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है।

इसबीच, मंगलवार को देश में बाढ़ के कारण और 11 लोगों की मौत होने के साथ इस आपदा में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़ कर 1,325 हो गयी है।

देश में सबसे ज्यादा 522 लोगों की मौत सिंध प्रांत में हुई है। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा में 289, बलुचिस्तान में 260, पंजाब में 189, पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में 42, गिल्गिट-बाल्टिस्तान में 22 और इस्लामाबाद में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

बाढ़ में अभी तक कम से कम 12,703 लोग घायल हुए हैं। वहीं देश में 5,735 किलोमीटर सड़कें खराब हो गई हैं।

प्रशासन लगातार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने और बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। सेना के कम से कम 363 हेलीकॉप्टर देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: