काठमांडू, नेपाल के नए प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ के शपथ लेने के बाद पहला संसद सत्र यहां सोमवार से शुरू होने वाला है। इस दौरान प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
सत्र के दौरान नौ जनवरी को प्रधानमंत्री प्रचंड को विश्वास मत हासिल करना होगा।
देश में 20 नवंबर को चुनाव होने के बाद पिछले महीने नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने नौ जनवरी को नई संसद का पहला सत्र बुलाया था।
प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता सोमवार को यहां संसद भवन में होने वाले प्रतिनिधि सभा के पहले सत्र को संबोधित करेंगे।
संसद सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को संसद भवन में हुई सर्वदलीय बैठक के दौरान इस पर सहमति बनी। बैठक के दौरान, यह निर्णय लिया गया कि प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव क्रमशः 21 और 23 जनवरी को होगा।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons