काठमांडू, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने देश के स्वास्थ्य क्षेत्र के उन्नयन में सहायता और सहयोग के लिए चीन की सराहना की। काठमांडू के न्यू बानेश्वर में चीन-सहायता प्राप्त सिविल सेवा अस्पताल के उन्नयन एवं पुनर्निर्माण कार्य के पूरा होने के समारोह को संबोधित करते हुए, प्रचंड ने उम्मीद जतायी कि विस्तारित एवं उन्नत बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के साथ अस्पताल उन रोगियों को सुविधा प्रदान करने में सक्षम होगा जिन्हें बेहतर इलाज एवं सेवाओं की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस अस्पताल और उन्नयन और पुनर्निर्माण की इस विशेष परियोजना का समर्थन करने के लिए चीन की सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं।’’
दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों की ओर इशारा करते हुए प्रचंड ने कहा, ‘‘नेपाल और चीन मैत्रीपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सहकारी संबंधों का एक लंबा इतिहास संजोए हुए हैं। नेपाल और चीन के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का इतिहास बहुत पुराना है।’’ उन्होंने भरतपुर में कैंसर अस्पताल के निर्माण में चीन के सहयोग का भी उल्लेख किया।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons