प्रतिवर्ष 1.15 करोड़ लड़कियों के एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य : स्वास्थ्य मंत्रालय

नयी दिल्ली, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ‘ह्यूमन पैपिलोमावायरस’ (एचपीवी) टीकाकरण के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान का लक्ष्य सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रतिवर्ष 14 वर्ष आयु की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों को टीका लगाना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को इस टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।

मंत्रालय के अनुसार यह टीका निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। टीकाकरण आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों उप-जिला और जिला अस्पतालों के साथ-साथ सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में किया जाएगा।

इसने कहा कि टीकाकरण स्वैच्छिक होगा और टीका लगाने से पहले माता-पिता या अभिभावकों से सहमति प्राप्त की जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि यह विशेष अभियान तीन महीने की अवधि के लिए ‘मिशन मोड’ में चलेगा जिसके दौरान पात्र लड़कियां प्रतिदिन निर्दिष्ट केंद्रों पर टीका लगवा सकती हैं। इसके बाद नियमित टीकाकरण दिवसों पर टीका उपलब्ध होता रहेगा।

मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रव्यापी स्तर पर इस पहल की शुरुआत भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य यात्रा में एक निर्णायक कदम है और यह ‘स्वस्थ नारी’ की परिकल्पना को आगे बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता को पूरा करती है।

इस अभियान के दौरान ‘गार्डसिल 4’ टीके की एकल खुराक दी जाएगी जो एक ‘क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन’ है। यह एचपीवी टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करता है जो सर्वाइकल कैंसर का कारण बनते हैं साथ ही टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा प्रदान करता है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: