नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केवडिया में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित समारोह का नेतृत्व करने के लिए बृहस्पतिवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार शाम को केवडिया के एकता नगर जाएंगे और वहां ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही वह 1 140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न अवसंरचना और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
वह शुक्रवार को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे जिसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह मनाया जाएगा। वह ‘आरंभ 7.0’ के तहत 100वें ‘कॉमन फाउंडेशन कोर्स’ के अधिकारी प्रशिक्षुओं के साथ भी बातचीत करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार एकता नगर में हो रहे विकास कार्यों का उद्देश्य पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाना क्षेत्र की पहुंच और कनेक्टिविटी में सुधार करना तथा सतत विकास से जुड़ी पहलों को प्रोत्साहित करना है।
इसमें कहा गया है कि कुल 1 140 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़ी ये परियोजनाएं सरकार की उस दूरदृष्टि को दर्शाती हैं जिसके तहत इको-टूरिज्म (पर्यावरण पर्यटन) हरित परिवहन स्मार्ट अवसंरचना और आदिवासी विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है विशेष रूप से उस क्षेत्र में जो विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के आसपास स्थित है।
इस दौरान जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा उनमें राजपीपला में बिरसा मुंडा आदिवासी विश्वविद्यालय गरुडेश्वर में हॉस्पिटैलिटी डिस्ट्रिक्ट (फेज-1) वामन वृक्ष वाटिका सतपुड़ा प्रोटेक्शन वॉल ई-बस चार्जिंग डिपो और 25 इलेक्ट्रिक बसें नर्मदा घाट विस्तार कौशल्या पथ एकता द्वार से श्रेष्ठ भारत भवन तक वॉकवे (फेज-2) स्मार्ट बस स्टॉप्स (फेज-2) डैम रेप्लिका फाउंटेन और जीएसईसी क्वार्टर्स आदि शामिल हैं। प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे उनमें ‘म्यूज़ियम ऑफ रॉयल किंगडम्स ऑफ इंडिया’ वीर बालक उद्यान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स वर्षा वन परियोजना शूलपनेश्वर घाट के पास गोदी विकास और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर ट्रैवलेटर स्थापना शामिल हैं।
प्रधानमंत्री सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 150 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे। शुक्रवार को मोदी राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे और सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वह एकता दिवस की शपथ दिलाएंगे और एकता दिवस परेड का निरीक्षण करेंगे। परेड में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ विभिन्न राज्य पुलिस बलों की टुकड़ियां शामिल होंगी।
परेड में इस वर्ष के प्रमुख आकर्षण में भारतीय नस्ल के कुत्तों (रामपुर हाउंड्स और मुदहोल हाउंड्स) वाली बीएसएफ की मार्चिंग टुकड़ी गुजरात पुलिस की घुड़सवार टुकड़ी असम पुलिस का मोटरसाइकिल डेयरडेविल शो और बीएसएफ की ऊंट सवार टुकड़ी व ऊंट बैंड शामिल होंगे।
परेड में सीआरपीएफ के पांच शौर्य चक्र विजेताओं और बीएसएफ के 16 बहादुरी पदक प्राप्त कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने झारखंड में नक्सल विरोधी अभियानों और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-रोधी अभियानों में असाधारण साहस दिखाया। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वीरता प्रदर्शित करने वाले बीएसएफ जवानों को भी सम्मानित किया जाएगा
इस वर्ष की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) गुजरात जम्मू कश्मीर अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह मणिपुर महाराष्ट्र छत्तीसगढ़ उत्तराखंड और पुडुचेरी की 10 झांकियां शामिल होंगी जिनका विषय ‘‘विविधता में एकता’’ होगा। एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में 900 कलाकार भारत की शास्त्रीय नृत्य विधाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्धि और विविधता को प्रदर्शित करेंगे। इस वर्ष के राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का विशेष महत्व है क्योंकि देश सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मना रहा है।
साथ ही ‘आरंभ’ का सातवां संस्करण इस बार ‘‘शासन की पुनर्कल्पना’’ विषय पर आयोजित किया जा रहा है। 100वें फाउंडेशन कोर्स में भारत की 16 सिविल सेवाओं और भूटान की तीन सिविल सेवाओं के कुल 660 प्रशिक्षु अधिकारी भाग ले रहे हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common