प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बैंकॉक में 6वें बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच अद्वितीय और घनिष्ठ संबंधों की समीक्षा की। उन्होंने भौतिक और डिजिटल संपर्क बढ़ाने, लोगों से लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और ऊर्जा के क्षेत्र में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
वे हमारे दोनों देशों और लोगों के बीच बहुआयामी साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में काम करना जारी रखने पर सहमत हुए।नेपाल भारत की पड़ोसी प्रथम नीति के तहत भारत का एक प्राथमिकता वाला साझेदार है। यह बैठक दोनों देशों के बीच नियमित उच्च स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को जारी रखती है।प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “बैंकॉक में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के साथ एक सार्थक बैठक हुई। भारत नेपाल के साथ संबंधों को अत्यधिक प्राथमिकता देता है।
हमने भारत-नेपाल मित्रता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, खासकर ऊर्जा, संपर्क, संस्कृति और डिजिटल प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में। हमने इस वर्ष के बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के कुछ प्रमुख सकारात्मक परिणामों के बारे में भी बात की, खासकर आपदा प्रबंधन और समुद्री परिवहन के क्षेत्रों में।
” Photo : Wikimedia