प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया, शिवकुमार के साथ ट्रेन में किया सफर

बेंगलुरु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में मेट्रो रेल परियोजना की बहुप्रतीक्षित पिंक लाइन के कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे खंड का उद्घाटन किया जिसके निर्माण पर करीब 3 470 करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रधानमंत्री मोदी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने संयुक्त रूप से नई मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर भी किया। मोदी और शिवकुमार को टिकट काउंटर से अलग-अलग टिकट खरीदते हुए भी देखा गया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दोहरे एलिवेटेड कॉरिडोर के फायदों के बारे में बताया। इस कॉरिडोर में मेट्रो रेल लाइन के साथ-साथ फ्लाईओवर भी बनाया गया है जिससे शहर में यातायात की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। राज्यपाल सुधा यादव सांसद तेजस्वी सूर्या और मंत्री के बी गौड़ा ने भी मेट्रो ट्रेन में सफर किया।

पिंक लाइन की कुल लंबाई 21.25 किलोमीटर है और इस पर 18 स्टेशन हैं। प्रधानमंत्री ने जिस एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया उस पर छह स्टेशन हैं। वहीं भूमिगत खंड में 12 स्टेशन होंगे जिसका निर्माण कार्य अभी जारी है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक पिंक लाइन परियोजना का निर्माण करीब 3 470 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस नए खंड से शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क बेहतर होगा रोजाना आवागमन आसान होगा यात्रा का समय घटेगा और बेंगलुरु में सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं मजबूत होंगी।

अधिकारियों के अनुसार नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन का 7.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड खंड कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे और सुद्दागुंटेपल्या तक फैला है। इसके जयदेव स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो लाइन से जुड़ने की उम्मीद है। इस खंड पर आम लोगों के लिए मेट्रो सेवा 14 नवंबर को सुबह छह बजे से शुरू होगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: